2 करोड़ के बजट से बदलेगी मेले की सूरत

22 मार्च को होगा नौचंदी मेले का उद्घाटन

2018 में नगर निगम ने मेले की संभाली थी जिम्मेदारी

2020 के नौचंदी मेले को यादगार बनाने में जुटा निगम

Meerut। देश-विदेश में मेरठ की पहचान ऐतिहासिक नौचंदी मेले से है। इस बार मेले की जिम्मेदारी नगर निगम के कंधों पर है। एक साल के अंतराल में नगर निगम और जिला पंचायत नौचंदी मेले के आयोजन की जिम्मेदारी निभाता है। गौरतलब है कि इससे पहले साल 2018 में नगर निगम ने मेले का आयोजन किया था। ऐसे में साल 2020 में मेले को यादगार बनाने के लिए नगर निगम जुट गया है। इस बार नगर निगम का ध्यान पटेल मंडप में आयेाजित होने वाले कार्यक्रमों के चयन से लेकर मंडल के माहौल को सुधारने में है। साथ ही साथ इस बार निगम प्रदेश के विभिन्न शहरों के प्रसिद्ध वस्तुओं के काउंटर भी मेले में लगाने की योजना है। इसके लिए बकायदा निगम ने टीम बनाकर सर्वे और निमंत्रण का काम शुरु कर दिया है।

22 मार्च को उद्घाटन

नौचंदी मेले का आयोजन इस साल 22 मार्च को प्रस्तावित है। ऐसे में निगम के लिए अब डेढ़ माह का समय बचा है। इस डेढ़ माह में निगम को मेले स्थल की साफ सफाई से लेकर दुकानों और पटेल मंडप की मरम्मत का काम करना है। ऐसे में सबसे पहले नौचंदी मैदान को समतल करने के बाद मेला परिसर में पड़े कूड़े को साफ किया जाएगा। मैदान में जगह-जगह बने कूड़ा स्थलों जिनमें पटेल मंडल की जमीन, सर्कस की जमीन से अस्थाई खत्ता खत्म किया जाएगा।

दो करोड़ का बजट

इस बार नगर निगम द्वारा मेला के आयोजन का अनुमानित बजट करीब दो करोड़ रुपए तैयार किया गया है। पिछली बार मेले के आयोजन से नगर निगम को करीब डेढ़ करोड़ रुपये की आय हुई थी ऐसे में इस बार निगम दो करोड़ से अधिक आय की उम्मीद कर तैयारी में जुट गया है। मेले के आयोजन की जिम्मेदारी इस बार अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन को दी गई है।

प्रदेश की दिखेगी झलक

इस बार नगर निगम का प्रयास नौचंदी मेले में अन्य जिलों की कलाकृति से लेकर फूड प्रोडक्ट के काउंटर लगाने की है। इसमें लखनऊ चिकन वर्क से लेकर फिरोजाबाद की चूड़ी, सहारनपुर का फर्नीचर आदि शहरों के व्यापारियों से निगम की टीम संपर्क कर मेले में आने का आग्रह करेगी। इसके लिए बकायदा निगम ने टीम बनाकर संपर्क का काम शुरु कर दिया है।

पटेल मंडल का बदलेगा माहौल

नौचंदी मेले में पटेल मंडप में होने वाले सांस्कृतिक व रंगारंग कार्यक्रमों का अलग महत्व है, लेकिन हर साल अव्यवस्थाओं के कारण पटेल मंडल के कार्यक्रम में अराजकता हावी रहती है। इस बार नगर निगम का ध्यान पटेल मंडल का माहौल सुधारने में है। इसके लिए निगम ने इस बार पटेल मंडल में सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ सीटिंग अरेंजमेंट बेहतर करने का निर्णय लिया है। इसके अनुसार परिवार के साथ आने वालों के लिए अलग और युवकों के लिए अलग अलग बैठने की व्यवस्था रहे।

इस बार का मेला यादगार रहे इसलिए प्रयास किए जा रहे हैं। महिला सुरक्षा से लेकर पटेल मंडप की व्यवस्थाओं में सुधार प्राथमिकता है। बाहरी व्यापारियों को भी आमंत्रित किया जा रहा है।

डॉ। अरविंद चौरसिया, नगरायुक्त