शास्त्रीनगर और गढ़ रोड पर खुली दुकानें, केवल जागृति विहार में दिखा बंद का असर

अब रविवार की बंदी को सफल बनाने में जुटे व्यापारी

Meerut। जागृति विहार के सर्राफ अमन जैन की हत्या के मामले में पांचवे दिन पुलिस हत्यारोपियों को पकड़ने या मामले में कुछ खुलासा करने में नाकाम साबित हुई। ऐसे में पुलिस की इस नाकामी से गुस्साए व्यापारियों का प्रदर्शन शुरु हो चुका है। इस क्रम में शनिवार को संयुक्त व्यापार संघ के अजय गुप्ता गुट की तरफ से आयोजित बंद का मिलाजुला असर शास्त्रीनगर, जागृति विहार और गढ़ रोड के बाजार में देखने को मिला। व्यापारियों की आपसी राजनीति और गुट बाजी के चलते यह बंद पूरी तरह सफल नही हो सका। गढ़ रोड पर पूरा दिन बाजार खुला रहा वहीं शास्त्रीनगर में भी आधा बाजार खुला तो आधा बंद रहा।

व्यापारियों की आपसी कलह

दरअसल हत्या का खुलासा ना होने पर शनिवार को शास्त्रीनगर और जागृति विहार संयुक्त व्यापार संघ ने जागृति विहार, शास्त्रीनगर और गढ़ रोड के बाजार बंदी की घोषणा की थी। इसका अजय गुप्ता गुट ने समर्थन किया था। जबकि इस मामले में नवीन गुप्ता गुट ने पुलिस को शनिवार तक का समय दिया था और शनिवार तक खुलासा ना होने पर रविवार को बाजार बंदी का निर्णय लिया था। ऐसे में शास्त्रीनगर और गढ़ रोड के आधे व्यापारी शनिवार की बंदी के पक्ष में नही थे। इसके चलते शनिवार को बाजार बंदी व्यापारियों की आपसी गुट बाजी के चलते लगभग विफल हो गई। व्यापारियों ने अमन जैन की मौत के मुददे को राजनैतिक प्रतिष्ठा का मुददा बनाते हुए बाजारी बंदी की योजना को विफल बनाने का प्रयास किया जिसके चलते गढ़ रोड और शास्त्रीनगर में मिलाजुला असर दिखाई दिया।

जागृति विहार रहा पूर्ण बंद

बंद के समर्थन में केवल जागृति विहार के व्यापारियों में काफी हद तक एकजुटता दिखाई दी। व्यापारियों ने अपनी दुकानें शाम तक पूरी तरह बंद रखी। हालांकि कुछ जगह पर इक्का दुक्का दुकानों के शटर खुले भी दिखे। लेकिन जागृति विहार सेक्टर 2, 3, 4, 5, 6 के बाजार पूरी तरह बंद रहे। हालांकि शाम होते ही बाजार फिर से गुलजार हो गए। वहीं शास्त्रीनगर में सेक्टर 2 समेत शास्त्रीनगर का प्रमुख बाजार 60 प्रतिशत बंद रहा केवल सेंट्रल मार्केट की दुकानें खुली रही। गढ़ रोड पर सोहराबगेट से लेकर सम्राट पैलेस तक पूरा बाजार खुला रहा। जिसके चलते पुलिस प्रशासन पर व्यापारियों का दवाब शनिवार की बंदी से बनता नही दिखा।

अब रविवार को बंद

शनिवार की बंदी के बाद अब नवीन गुप्ता गुट ने रविवार को बाजार पूर्ण रूप से बंद करने का आहवान किया है। इस बंद के पक्ष में शहर के कई प्रमुख व्यापारिक संगठनों ने बंद पर अपना समर्थन दिया है। इसमें दिल्ली रोड, शहर कबाड़ी बाजार, शारदा रोड, सूरजकुंड, सेंट्रल मार्केट, आबूलेन बेगमपुल, कंकरखेड़ा के सभी व्यापारी शामिल हैं। इसके साथ ही सदर बाजार मिलयाना फटक साबुन गोदाम कोटला बाजार घंटाघर खैर नगर सभी व्यापारियों व व्यापार संघों का समर्थन रविवार के बंद को दिया है। शनिवार को दिनभर व्यापारी रविवार के बंद को सफल बनाने के लिए बाजार में जनसंपर्क करते रहे।