मेरठ, (ब्यूरो)। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से करीब 10 लाख रुपये के जेवरात बरामद कर लिए हैैं। जबकि फरार आरोपियों को पकडऩे के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। पुलिस की टीम पुणे के खड़की थाने से संपर्क कर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की कोशिश करेगी।

ये है मामला

बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र के मोहल्ला शौरगिरान में सर्राफ आलम गिरी का शोरूम है। वह मेरठ में सोना-चांदी देकर ऑर्डर पर जेवरात तैयार कराते हैैं। शुक्रवार को आलम का नौकर मोहल्ला शौरगिरान कस्वा, थाना बड़ौत निवासी आरिफ पुत्र नौशाद ऑर्डर पर तैयार जेवरात एक बैग में भरकर जा रहा था। इस दौरान बैली बाजार में तीन आरोपियों ने आरिफ को घेरकर बैग छीन लिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर भागने लगे थे। इस दौरान आरिफ द्वारा शोर मचाए जाने पर वहां जमा व्यापारियों की भीड़ ने एक आरोपी को बैग सहित पकड़ लिया था। जबकि दो आरोपी फरार हो गए थे। आरिफ की तहरीर पर देहलीगेट थाने में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

महाराष्ट्र के हैं आरोपी

एसपी सिटी विनीत भटनागर ने शनिवार को खुलासा करते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सादिक खान पुत्र रफीक खान निवासी पतकार प्लाट नंबर-आठ, महात्मा गांधी वसंत शिवाजी नजर, थाना खड़की, जनपद पुणे महाराष्ट्र बताया। साथ ही फरार आरोपियों का नाम बसीर पुत्र हाजी अली व अहमद पुत्र राहत निवासीगण पतकार प्लाट नंबर-आठ, महात्मा गांधी वसंत शिवाजी नजर, थाना खड़की, जनपद पुणे महाराष्ट्र बताया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह कंगन, पांच अंगूठी, एक मंगलसूत्र, एक नथ, एक चैन, पाच पेंडिल, एक हार व सात हजार 80 रुपये बरामद किए हैैं।

दिल्ली के ईदगाह में अड्डा

गिरफ्तार आरोपी सादिक ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वह महाराष्ट्र के पुणे से आकर लूट की घटनाओं को अंजाम देते थे। इससे पहले वह दिल्ली, गाजियाबाद में भी कई लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैैं। आरोपी ट्रेन के रास्ते आकर दिल्ली के ईदगाह में शरण लेते थे। आरोपी ने बताया कि ईदगाह में ही वह लूट की घटना को अंजाम देने की योजना बनाते थे। घटना करने के बाद वह ट्रेन के रास्ते ही महाराष्ट्र वापस लौट जाते हैैं।

ईरानी गैैंग की चर्चा

आरोपी सादिक के पकड़े जाने के बाद शहर में पूरे दिन आरोपियों के तार ईरानी गैैंग से जुड़े होने की चर्चा का माहौल गर्म रहा। ईरान से ईरानी गैैंग को संचालित किया जाने का मामला सामने आया है। लेकिन पुलिस पूछताछ में आरोपी ने ईरानी गैैंग से ताल्लुकात न होने की बात कबूल की। उसने स्वयं के साथ ही साथियों को भी पुणे महाराष्ट्र का रहने वाला बताया। साथ ही इसके प्रमाण भी दिए। जिसके बाद ईरानी गैैंग के होने की चर्चा पर विराम लग सका।

लोग आरोपी को ईरानी-दुरानी गैैंग का बता रहे हैैं, लेकिन पकड़े गए आरोपी ने स्वयं को महाराष्ट्र के पुणे का रहना वाला बताकर उसके प्रमाण दिए हैैं। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। जल्द ही अन्य दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

विनीत भटनागर, एसपी सिटी