मेरठ, ब्यूरो। हम बात कर रहे हैं शहर की प्रमुख और आवास विकास की योजना की सबसे प्रमुख कालोनी माधवपुरम की। जिसको आवास विकास ने सुनियोजित ढंग से ग्रीन बेल्ट और सीवर लाइन जैसी सुविधाओं के साथ बनाकर तैयार किया था। मगर नगर निगम की लापरवाही के चलते आज माधवपुरम की हालत खस्ता हुई पड़ी है। दिल्ली रोड से माधवपुरम सेक्टर 1 में एंट्री करते ही मेन रोड पर खाली प्लाट कचरा स्थल बन चुका है। इस जगह पर कूड़ा इस कदर फैला रहता है कि अब खाली प्लाट भी कम पडऩे लगा है और कूड़ा सड़क तक फैल चुका है। इस रोड से दिल्ली रोड, खत्ता रोड, नूर नगर, सरस्वती लोक आदि प्रमुख कालोनी को जाने वाले हजारों लोग रोजाना गुजरते हैं। इसके बाद भी रोड पर पिछले कई सालों से अस्थाई खत्ता साफ नहीं हो सका है।

पुलिस चौकी से बिजलीघर तक
माधवपुरम सेक्टर एक में जिस जगह यह कूड़े का ढ़ेर लगा हुआ है उसके बराबर में ही सब स्टेशन बना हुआ है। कूड़े का ढेर सब स्टेशन के गेट तक पहुंच चुका है। जिससे बिजली का बिल जमा करने वाले लोगों को कूड़े के ढेर के पास से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं कूड़े के ढेर से महज 100 मीटर आगे ही माधवपुरम पुलिस चौकी बनी हुई है। पुलिस चौकी तक कूड़े की बदबू से लोग परेशान रहते हैं।

इनका है कहना
कूड़े की समस्या तो माधवपुरम के लोगों के लिए स्थाई समस्या हो चुकी है। कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का निस्तारण नही हो रहा है।
पुनीत बंसल

मेन रोड पर होने के बाद भी यहां कूड़ा स्थल बना हुआ। निगम की गाडिय़ां रोज इसके बगल से निकल कर जाती हैं।
हर्ष जिंदल

बरसात में पिछले तीन माह कीचड़, गोबर और कूड़े से दूर तक बदबू फैली हुई थी। आसपास के लोगों के लिए यह नरक से कम नहीं है।
मिलन

निगम की गाडिय़ों इस वार्ड में मेन रोड तक आती हैं गलियों में कूड़ा लेने नहीं जाती। इसलिए आसपास के सैकडों घरों का कूड़ा इस खाली प्लॉट में डाला जाता है।
उषा सिंह

माधवपुरम के सुपरवाइजर को इस संबंध में निर्देश दिए जाएंगे। रोजाना कूड़ा कलेक्शन क्यों नही हो रहा इसकी जानकारी ली जाएगी।
डॉ। गजेंद्र सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी