नाली के विवाद में हुआ संघर्ष, लाइसेंसी हथियारों से की फाय¨रग, पांच घायल

घायल पूर्व प्रधान का भतीजा है आरोपित प्रधान, जमानत पर है बाहर

Meerut। समसपुर सुरानी गांव में नाली निर्माण को लेकर चल रहे विवाद में शनिवार को खूनी संघर्ष हो गया। वर्तमान प्रधान ने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर पूर्व प्रधान पर लाइसेंसी व अवैध हथियारों से गोलियां बरसा दी, जिसमें पूर्व प्रधान व उनका बेटा गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पत्नी व बेटी पत्थरबाजी में घायल हुई है। पुलिस ने आरोपी प्रधान को गिरफ्तार कर एक महिला समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। आरोपित प्रधान पूर्व प्रधान का सगा भतीजा है। आरोपित पक्ष का भी एक व्यक्ति घायल हुआ है।

ये है मामला

प्रधानमंत्री योजना के तहत मछरी गांव से खुर्द तक सड़क व टाइल्स निर्माण कार्य चल रहा है। पूर्व प्रधान अशोक कुमार के घर से कुछ दूरी पर गांव का गंदा पानी एक खेत में जा रहा था। जिस पर किसान ने मिट्टी डालकर पानी को रोक दिया। ग्रामीणों की समस्या देखते हुए अशोक ने गंदे पानी की निकासी को लेकर पुलिया बनाने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन वर्तमान प्रधान तेजवीर उर्फ बबलू इसका विरोध कर रहा था।

ताबड़तोड़ फायरिंग की

शनिवार सुबह करीब आठ बजे पूर्व प्रधान अशोक का बेटा लीलू उर्फ संदीप दौराला मिल से गन्ना डालकर जैसे ही घर पहुंचा, तभी अशोक का भतीजा एवं प्रधान तेजवीर उर्फ बबलू ने साथियों के साथ घर में घुसकर अपने चाचा एवं पूर्व प्रधान अशोक कुमार पर ताबड़तोड़ फाय¨रग कर दी। एक गोली लीलू को व दो गोली अशोक को लगीं। अशोक की पत्नी कुंती और बेटी कोमल पथराव में घायल हो गईं। ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान व उनके बेटे को मोदीपुरम के ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया। थाना प्रभारी ब्रजेश कुमार सिंह, सीओ आरपी शाही गांव पहुंचे। उन्होंने दबिश देकर प्रधान को गिरफ्तार कर पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस को प्रधान के घर से लाइसेंसी पिस्टल, बंदूक और काफी संख्या में कारतूस मिले हैं।

चार पर मुकदमा दर्ज

सीओ आरपी शाही ने बताया कि पूर्व प्रधान अशोक की बेटी पुनीता की तहरीर पर प्रधान तेजवीर, उसके भाई कृष्णवीर, पिता सुरेशपाल व दीपांशु पुत्र कृष्णवीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रधान को गिरफ्तार कर लिया है।

अवैध धंधे में लिप्त होने का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि वर्तमान प्रधान तेजवीर अवैध धंधों में लिप्त है। उसने गांव में भी लाखों की लागत से कोठी बनाई है। अवैध शराब बेचने की शिकायत भी हल्का प्रभारी दारोगा से कर चुके हैं। इसके बाद तेजवीर ने शिकायतकर्ताओं को घर में घुसकर पीटा था। इस मामले में आरोपित प्रधान छह माह पहले ही जेल से जमानत पर छूटकर आया है।