पैदल चाल में प्रियंका गोस्वामी, डिस्कस थ्रो में सीमा पूनिया व भाला फेंक में मेरठ से अन्नू रानी का नाम हुआ फाइनल

सभी खिलाड़ी बोली, देश के लिए मेडल लाने पर रहेगा फोकस

Meerut। टोक्यो ओलंपिक के लिए व‌र्ल्ड रैंकिंग के आधार पर चयनित हुई मेरठ की इंटरनेशनल एथलीट अन्नू रानी, प्रियंका गोस्वामी और सीमा पूनिया ने टोक्यो जाने की तैयारी कर ली है। दरअसल, सोमवार को ही एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से टोक्यो ओलंपिक के लिए खिलाडि़यों के नाम की सूची जारी की गई है। जिसमें भारतीय स्क्वायड में मेरठ की तीन एथलीट को शामिल किया गया।

प्रैक्टिस में जुटी

20 किलोमीटर पैदल चाल में प्रियंका गोस्वामी, डिस्कस थ्रो में सीमा पूनिया व भाला फेंक में अन्नू रानी का नाम शामिल किया गया है। तीनों खिलाडि़यों ने अब 30 जुलाई से होने वाले ओलंपिक गेम्स की तैयारियां और तेज कर दी हैं। तीनों एथलीट प्रैक्टिस में जुटी हैं और सभी का फोकस इस बार गोल्ड पर है।

गोल्ड का सपना

टोक्यो ओलंपिक के लिए अन्नू रानी की प्रैक्टिस पुणे कैंप में चल रही है। अन्नू ने बताया कि वे रोज सुबह 3 से 4 घंटा व शाम को दो घंटे प्रैक्टिस करती हैं। अन्नू ने बताया कि ओलंपिक में देश के लिए गोल्ड लाना ही उनका सपना है। उन्होंने बताया कि 22 जुलाई को वो टोक्यो के लिए रवाना होंगी।

देश के लिए मेडल लाना

ओलंपिक की तैयारी में जुटी सीमा पूनिया ने बताया कि वो रोज चार पांच घंटा प्रैक्टिस कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रैक्टिस करते हुए उनके दिमाग में सिर्फ एक ही लक्ष्य है, देश के लिए मेडल लाना। सीमा ने बताया कि वो 24 जुलाई को टोक्यो के लिए रवाना होंगी।

सलेक्शन का विश्वास था

प्रियंका गोस्वामी ने बताया कि उनको विश्वास था कि वो ओलंपिक में अपनी जगह बना लेंगी और हुआ भी ऐसा ही। प्रियंका ने बताया कि बंगलुरू में कैंप में रोज छह घंटे प्रैक्टिस कर रही हैं ताकि देश के लिए मेडल ला सकूं। प्रियंका 30 को टोक्यो के लिए रवाना होंगी।