- लोहे की रॉड से किया वार

- पीडि़त ने थाने में की शिकायत

- लिसाड़ी गेट में महिला से छेड़छाड़

Meerut । थाना ब्रह्मपुरी क्षेत्र में गुरुवार रात दवाई लेकर घर जा रही तीन बहनों से मनचलों ने छेड़छाड़ कर दी। सूचना पर पहुंचे भाई पर लोहे की राड से हमला कर दिया। युवक के दांत भी टूट गए। आसपास के लोग दौड़े तो आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इस मामले में दोनो पक्षों ने समझौता कर लिया है, छेड़छाड़ का नहीं बल्कि मारपीट का विवाद था।

4-5 आरोपी

सूचना के मुताबिक, ब्रह्मपुरी क्षेत्र निवासी तीन बहनें दवाई लेने गई थीं। लौटते वक्त मोहल्ले में चार-पांच युवकों ने उनके साथ छेड़छाड़ कर दी। विरोध पर एक मनचले ने युवती का हाथ पकड़ लिया। उन्होंने फोन से अपने भाई को सूचना दे दी।

भाई की पिटाई

भाई भी वहां पहुंच गया। उसने विरोध जताया, तो शोहदों ने उस पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया। उसके दांत भी टूट गए। हाथ और सिर पर भी चोट आई है। चीख-पुकार पर आसपास के लोग दौड़े, जिस पर आरोपी धमकी देते हुए भाग गए।

हुआ समझौता

सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पीडि़त ने तहरीर दी है। हालांकि पुलिस छेड़छाड़ की बात से इंकार करते हुए मारपीट की बात कह रही है। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि दोनो पक्षों में समझौता हो गया है। छेड़छाड़ का कोई मामला नहीं है, आपसी मारपीट का मामला हुआ था।

लिसाड़ी गेट में भी छेड़छाड़

दूसरी ओर लिसाड़ी क्षेत्र में भी छेड़छाड़ का एक मामला सामने आया। एक महिला गुरुवार को बाजार से लौट रही थी। कॉलोनी में खड़े दो युवकों ने उस पर टिप्पणी कर दी। उसने विरोध किया तो हाथ पकड़ लिया। जानकारी पर महिला के परिजन भी पहुंच गए और दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी, महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कराया। लिसाड़ी गेट पुलिस ने कार्रवाई करने की बात कही है।