फुटबाल चौराहा यानी मेरठ सेंट्रल स्टेशन का सात अक्टूबर 2021 तक एक तरफ की ऊपरी छत का निर्माण हो जाएगा

Meerut। रैपिड रेल कारिडोर के अंतर्गत शहर में तीन भूमिगत स्टेशन बनेंगे। इन स्टेशनों की समय सीमा तय कर दी गई है। अक्टूबर 2022 तक तीनों स्टेशनों का ढांचा तैयार कर लिया जाएगा। फुटबाल चौराहा यानी मेरठ सेंट्रल स्टेशन का सात अक्टूबर 2021 तक एक तरफ की ऊपरी छत का निर्माण हो जाएगा, जिसके बाद कार्य नीचे पहुंचेगा। मार्च 2022 में द्वितीय व तृतीय तल बनेगा। सितंबर 22 में भूतल बन जाएगा। उसके बाद दूसरी तरफ का हिस्सा भी ऐसे ही बनेगा। दूसरी तरफ का भूतल अक्टूबर 2022 में तैयार हो जाएगा। यहां पर सिर्फ मेरठ मेट्रो रुकेगी।

कार्य होगा तेज

वहीं भैंसाली स्टेशन का नवंबर 2021 में ऊपरी छत का निर्माण पूरा हो जाएगा। इसके बाद नीचे की तरफ काम बढ़ेगा। दोनों तरफ के हिस्से को मिलाकर भूतल का कार्य अक्टूबर 2022 में पूरा हो जाएगा। इस स्टेशन पर सिर्फ मेरठ मेट्रो रुकेगी। बेगमपुल स्टेशन पर रैपिड रेल व मेट्रो दोनों रुकेगी। यहां पर चार तल का स्टेशन बनेगा, जबकि बाकी दोनों स्टेशन तीन तल के हैं। यहां पर नवंबर 2021 में ऊपरी छत का कार्य हो जाएगा। फिर तृतीय तल, द्वितीय तल, प्रथम तल व भूतल की तरफ क्रम से काम बढ़ता जाएगा। दोनों तरफ के हिस्सों को मिलाकर सितंबर 2022 में कार्य पूरा हो जाएगा।