पंजाबी पुरा में चार दिन से चल रहा ध्वस्तीकरण कार्य

मलबे की सुरक्षा के लिए भी लगेगी पुलिस की ड्यूटी

Meerut : ढाई लाख के इनामी बदमाश बदन सिंह बद्दो की कोठी पर चौथे दिन भी हथौड़े का जमकर प्रहार हुआ। रविवार को करीब 15 फीसद कोठी और ढहा दी गई। कुल मिलाकर 90 फीसद कोठी ध्वस्त हो चुकी है। सोमवार को उसे जमींदोज कर दिया जाएगा। वहीं, कोठी के मलबे की सुरक्षा के लिए भी पुलिसकर्मियो की ड्यूटी लगाई जाएगी।

फरार है कुख्यात बद्दो

टीपीनगर थाना क्षेत्र के पंजाबीपुरा निवासी कुख्यात बदन सिंह बद्दो 28 मार्च 19 को फरार हो गया था। तभी से उसपर शिकंजा कसा जा रहा है। इसी क्रम में पहले उसकी कुर्की हुई। अब कोठी को चार दिन से ध्वस्त करने का कार्य चल रहा है। कोठी संकरी गलियों में होने और मकानों से घिरी होने के चलते समय लग रहा है। बुलडोजर भी मलबे के चलते कोठी तक नहीं पहुंच पा रहे। साथ ही बुलडोजर की मदद से आसपास के मकानों को भी खतरा बन रहा था। इसके चलते ही मजदूरों के प्रहार से उसे तोड़ा जा रहा है। रविवार सुबह 10 बजे से काम शुरू हुआ और शाम छह बजे तक मजदूरों ने हथौड़े बरसाए। कुल मिलाकर 90 फीसद कोठी को ढहा दिया गया है। थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि सिर्फ दस फीसद काम बचा हुआ है। सोमवार को उसे भी खत्म कर दिया जाएगा। इसके साथ ही मलबे की सुरक्षा के लिए भी पुलिसर्किमयों की ड्यूटी लगा दी जाएगी, ताकि कोई मलबे को उठाकर ना ले जाएग। वहीं, एमडीए के अधिकारियों का कहना है कि मलबे को उठाने के लिए अन्य विभागों से भी चर्चा की जा रही है। जल्द ही उसे हटवा दिया जाएगा।