कैंट बोर्ड में 11 जगह से की जा रही है टोल टैक्स की वसूली

कुछ महीने के लिए विस्तारित करने पर हो रहा विचार, इस फैसले के विरोध में विधायक

टोल का एक साल का ठेका आठ दिसंबर को हो रहा खत्म, अब बोर्ड को लेना है निर्णय

Meerut। कैंट बोर्ड की आज टोल टैक्स को लेकर एक बैठक होगी। उम्मीद है कि इस बैठक मे टोल टैक्स को लेकर फैसला हो सकता है। बताया जा रहा है कि कैंट बोर्ड मौजूदा टोल को कुछ महीने के लिए विस्तारित करने के विषय में सोच रहा है। हालांकि, बोर्ड के सदस्य और कैंट विधायक सत्यप्रकाश अग्रवाल के इसके खिलाफ हैं। ऐसे में आज इस संबंध में चर्चा कर तय किया जाएगा कि टोल टैक्स बढ़ेगा या नहीं, कहां कैसे वसूली की जाएगी।

वसूली को बता रहे गलत

गौरतलब है कि कैंट बोर्ड की ओर से अभी 11 जगह से टोल टैक्स की वसूली की जा रही है। इसके लिए एक साल पहले कैंट बोर्ड ने ठेका दिया था। मौजूदा ठेकेदार टोल को लेकर कई बार कैंट बोर्ड के आगे अपनी मनमानी चलाते हैं। कैंट की ओर से जो टोल की वसूली हो रही है। उसमें तीन जगह दिल्ली रोड फैज ए आम कॉलेज के सामने, रुड़की रोड और मवाना रोड के टोल को लेकर विरोध है। यह विरोध शुरू से हो रहा है इन तीन जगह से टोल विस्तारित किया जाए या ठेका छोड़ा जाए। इसके अलावा टोल बढ़ाया जाए या नहीं।

विरोध में विधायक

टोल वसूलने के खिलाफ कैंट विधायक ने भी मोर्चा खोला है। बोर्ड के उपाध्यक्ष और भाजपा के सभी सदस्य भी इसके खिलाफ हैं, अब टोल का एक साल का ठेका आठ दिसंबर को खत्म हो रहा है। उससे पहले बोर्ड को निर्णय लेना है। इससे पहले जो ठेका छोड़ा गया था, उसमें सभी 11 जगहों से टोल वसूलने की बात की गई थी.विरोध के बाद इसे रोक दिया गया।

नहीं चलने देंगे ठेका

कैंट बोर्ड के उपाध्यक्ष विपिन सोढ़ी का कहना है कि वह इस समय मसूरी में हैं। फिर भी वह सभी सदस्यों के साथ हैं। कैंट विधायक से भी बात हुई है। आठ दिसंबर को टोल का ठेका खत्म हो रहा है। बोर्ड के सामने अब दो विकल्प है,वह तीन जगह से टोल को खत्म करें शेष आठ जगह से वसूली के लिए अपने कर्मचारी लगा सकता है। ठेके को फिर से विस्तारित करना अवैध होगा। बोर्ड के सभी सदस्य इसके खिलाफ हैं। उनके अनुसार इससे व्यापारियों को परेशानियां हो रही है।