नेहरू नगर में दवा गोदाम में हादसा, व्यापारी की जान गई

ढाई माह से बंद था कमरा, धमाके की वजह की हो रही जांच

धमाके से टूटे घर के दरवाजे, खिड़की और शीशे

Meerut। शुक्रवार अल सुबह लगभग सवा तीन बजे नेहरू नगर में एक मकान में बने गोदाम में संदिग्ध परिस्थितियों में धमाका हो गया। इसमें दवा व्यापारी की मौत हो गई। गोदाम व्यापारी का ही था। वह किसी काम से आया था। तभी हादसा हो गया।

अचानक हुआ धमाका

घटना नौचंदी थाना क्षेत्र के नेहरू नगर गली नंबर 4 की है। यहां के मूल निवासी 45 वर्षीय दवा व्यापारी राजीव शर्मा पुत्र ओमप्रकाश शर्मा करीब 7 साल पहले मेडिकल थाना क्षेत्र के लक्ष्मी विहार में शिफ्ट हो गए थे। नेहरू नगर के घर के एक कमरे में राजीव ने दवाओं और सैनिटाइजर का गोदाम बना रखा था। शनिवार सुबह करीब सवा 3 बजे वह गोदाम पर आए थे। गोदाम में घुसते ही अचानक तेज धमाका हो गया।

मच गई अफरा-तफरी

धमाके से गली में अफरातफरी मच गई। आसपास के लोग घरों से बाहर आ गए। राजीव के घर में आग लगी हुई थी और वह खुद घर के बाहर गली के दूसरे किनारे पर जली हुई हालत में थे। मुहल्ले के लोगों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ढाई माह से बंद था कमरा

मृतक के भाई आशीष ने बताया कि राजीव के गढ़ रोड और नई सड़क पर वेदमित्रा मेडिकल स्टोर हैं। दोनों मेडिकल स्टोर का संचालन राजीव ही करते थे। वह कभी-कभार ही इस गोदाम में आते थे। करीब ढाई माह से गोदाम बंद ही था।

बंटवाने थे पंफलेट

शनिवार को राजीव को अपने मेडिकल स्टोर के विज्ञापन से संबंधित पंफलेट अखबारों के माध्यम से बंटवाने थे, संभवत: उससे जुड़ा कोई सामान लेने के लिए वह अल सुबह गोदाम पर आए थे। हादसे के बाद गली में कुछ पंफलेट भी फैले हुए मिले। हादसे में राजीव की स्कूटी भी जल गई, जो गली में खड़ी हुई थी।

परिजनों में कोहराम

राजीव के पिता ओमप्रकाश शर्मा शिक्षक थे और मकान के ऊपरी हिस्से में रहते हैं। घटना के समय वह ही घर पर थे। मृतक के तीन भाई अमित शर्मा, आशीष शर्मा और नीतिश शर्मा हैं। आशीष और नीतिश नोएडा में रहते हैं। राजीव खुद लक्ष्मी विहार में पत्नी और 20 साल के बेटे हर्ष के साथ रहते थे।

हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।

प्रेमचंद शर्मा, प्रभारी, थाना नौचंदी