नवीन गुप्ता गुट ने किया रविवार को पूर्ण बाजार बंदी का ऐलान

अजय गुप्ता गुट ने किया शनिवार को जागृति विहार और शास्त्रीनगर बंद का समर्थन

Meerut । सर्राफ अमन जैन की हत्या के मामले में भले ही पुलिस प्रशासन अभी तक किसी खुलासे तक न पहुंचा हो लेकिन इस मामले में इंसाफ दिलाने के नाम पर राजनैतिक और व्यापारिक संगठनों के बीच का द्वेष जरुर सामने आने लगा है। पहले सपा और भाजपा के जनप्रतिनिधियों के बीच गुरुवार को खुलकर कहासुनी और धक्का मुक्की हुई वही शाम को शहर के प्रमुख व्यापारिक संगठनों के बीच इंसाफ के लिए बाजार बंदी की घोषणा में मतभेद दिखाई दिया। जिसमें एक तरफ नवीन गुप्ता गुट ने रविवार को पूर्ण रूप से बाजार बंदी की घोषणा की है वही अजय गुप्ता गुट ने केवल जागृति विहार और शास्त्रीनगर के बाजार के शनिवार को बंदी के निर्णय का समर्थन किया है।

रविवार को बंद होगा बाजार

अमन जैन की हत्या का खुलासा ना होने के विरोध में संयुक्त व्यापार संघ के नवीन गुप्ता गुट ने गुरुवार को बैठक का आयोजन कर रविवार को शहर का बाजार पूरी तरह बंद करने की घोषणा की है। बैठक में नवीन गुप्ता ने कहा कि यदि शनिवार तक पुलिस इस मामले में खुलासा नही करती है तो रविवार को पूर्ण रूप से बाजार बंद रहेगा। नवीन गुप्ता के इस आहवान के समर्थन में शारदा रोड व्यापार संघ, साडी एसो, सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ, आबूलेन व्यापार संघ आदि व्यापार संघों ने समर्थन दे दिया है। यानि शहर का लगभग पूरा बाजार रविवार को बंद का समर्थन कर रहा है।

शनिवार को भी बंद

वहीं संयुक्त व्यापार संघ के अजय गुप्ता गुट ने गुरुवार शाम को बैठक की। इस दौरान मेरठ बंद का ऐलान किया था लेकिन खुद जागृति विहार और शास्त्रीनगर के व्यापारियों ने अपनी सहमति से शहर में पूर्ण बंदी न करने का आग्रह करते हुए शनिवार को शास्त्रीनगर और जागृति विहार बाजार बंद करने का ऐलान किया है। संयुक्त व्यापार संघ ने व्यापारियों की इस इच्छा के अनुसार शनिवार को केवल जागृति विहार और शास्त्रीनगर बाजार पूरी तरह से बंद करने की घोषणा की है। वहीं सेंट्रल मार्केट के व्यापार संघ ने शनिवार को बाजार खोलने और रविवार को बाजार बंद रखने की घोषणा की है।

वर्जन-

शनिवार शाम तक पुलिस खुलासा नही करती है तो रविवार को पूरी तरह से शहर के बाजार बंद कर विरोध जताया जाएगा।

- नवीन गुप्ता, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार संघ

व्यापारियों की सहमति से शनिवार को केवल जागृति विहार और शास्त्रीनगर का बाजार बंद रखा जाएगा।

- अजय गुप्ता, अध्यक्ष संयुक्त व्यापार संघ

जागृति विहार में हुई लूट की दुखद घटना यदि शनिवार रात्रि तक नहीं खुलती तो सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ ने घटना के विरोध में रविवार को बाजार बंद रखने की घोषणा की है

- किशोर वाधवा, अध्यक्ष सेंट्रल मार्केट

शनिवार को शास्त्रीनगर और जागृति विहार के समस्त बाजार पूर्णता बंद रहेंगे। हम पुलिस को खुलासा करने का पूरा समय देना चाहते हैं। लेकिन यदि खुलासा नही हुआ तो शनिवार को बाजार बंद होगा।

- जितेंद्र अग्रवाल, महामंत्री जागृति विहार शास्त्रीनगर संयुक्त व्यापार संघ

हमने गुरुवार शाम बैठक कर निर्णय लिया है कि रविवार को शहर की साड़ी की सभी दुकानें व शोरूम पूरी तरह बंद रहेंगे। हम नवीन गुप्ता के आहवान के अनुसार अपना सर्मथन दे रहे हैं। इसके साथ ही शारदा रोड बाजार भी खुलासा ना होने पर रविवार को बंद रहेगी।

- अमित अग्रवाल, साड़ी एसो। अध्यक्ष

इस संबंध में हम नवीन गुप्ता का समर्थन करते हैं लेकिन शनिवार तक खुलासा ना होने पर शनिवार को बाजार के पदाधिकारियों की मीटिंग के बाद रविवार की बंदी पर निर्णय लिया जाएगा।

- पुनीत शर्मा, महामंत्री बेगमपुल व्यापार संघ