व्यापारी बोले, शहर में खोले जाएं बाजार

व्यापारियों ने लगाई प्रशासन से गुहार, नही तो खोल लेंगे बाजार

Meerut। लॉकडाउन का दंश अब व्यापारियों के लिए मुसीबत बन गया है। कोरोना कफ्र्यू की मियाद परेशान करने लगी है। आसपास के सभी जिलों के बाजार खुलने लगे हैं ऐसे में मेरठ के व्यापारी भी प्रशासन से उम्मीद लगाए हैं कि यहां भी बाजार खुलने चाहिए।

व्यापारियों को सरकार से आस

लॉकडाउन से उद्योग और व्यापार को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। शहर के छोटे उद्योग, बाजार, दुकानें यहां तक ठेलों पर अपना कारोबार करने वाले हर छोटे व्यापारी को लॉकडाउन भारी नुकसान दे रहा है। मेरठ की स्पोटर्स से लेकर ज्वैलरी और कैंची इंडस्ट्रीज के आर्डर अधर में हैं। ट्रांसपोर्ट बंद होने के कारण जो मॉल तैयार था वह डिलीवर नही हो पाया। नए आर्डर कब तक मिलेंगे इसका कोई जवाब नही है।

बाजार खोलने की मिले अनुमति

भारतीय व्यापार मंडल के महामंत्री मनोज गुप्ता ने बताया कि संक्रमण को देखते हुए हमें लॉकडाउन से अब राहत दी जानी चाहिए। अब जब अन्य जनपदों में बाजार खोल दिए गए हैं तो मेरठ का व्यापारी भी यही उम्मीद कर रहा है कि उसको भी बाजार खोलने की अनुमति दी जाए। व्यापारी संक्रमण से बचाव के सभी तरीके अपना रहा है । ऐसे में प्रशासन को अब व्यापारियों के सब्र का इम्तिहान नही लेना चाहिए।

बाजार को खोल देना चाहिए

सदर बाजार महामंत्री अमित बंसल ने बताया कि लॉकडाउन जरुरी था,लेकिन अब जब संक्रमण कम है तो बाजार को खोल देना चाहिए। हम लोग कोविड 19 की गाइडलाइन के साथ अपना काम करने के लिए तैयार हैं। इसके साथ यदि कुछ ओर नियम प्रशासन सुरक्षा की दृष्टि से बनाता है तो वह भी हमें मंजूर हैं। लेकिन अब राहत दी जानी चाहिए नही तो व्यापारी खुद अपने प्रतिष्ठान खोलने को मजबूर हो जाएगा।

व्यापारियों के हित में सोचें

उप्र व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष धीरज गोयल ने बताया कि लॉक डाउन से नुकसान बहुत हुआ है, लेकिन संक्रमण के दौरान लॉकडाउन जरुरी था, लेकिन अब संक्रमण घट चुका है बाजार खुल रहे हैं सब कुछ सामान्य हो रहा है तो फिर व्यापारियों को भी राहत दी जानी चाहिए। व्यापारी अभी प्रशासन की बात का सम्मान कर रहा है तो प्रशासन को भी व्यापारियों के हित में सोचना चाहिए।

बिजली बिल हो माफ

भारतीय व्यापार मंडल के मंडल अध्यक्ष नवनीत गर्ग ने कहाकि हमारी मांग है कि सरकार बिजली का बिल का माफ कर दें, हमारी दुकानें बंद हैं लेकिन फिर भी पिछले बिल के अनुसार एवरेज बिल वसूला जा रहा है। हमें रिटर्न फाइल करने का समय लॉकडाउन के बाद दिया जाए अभी व्यापारी कमा नही रहा है तो रिटर्न कैसे फाइल करेगा।

मजबूर हो जाएंगे व्यापारी

केडी स्पोटर्स के अजित शर्मा ने बताया कि स्पो‌र्ट्स का पूरा मार्केट डाउन है। आउटडोर गेम लॉक डाउन के दौरान साल भर से बंद है इसलिए आउटडोर गेम्स की डिमांड खत्म हो गई है। कम से कम अब तो व्यापारियों को बाजार खोलने की राहत दी जाए ताकि व्यापारी अपना कुछ नुकसान कम कर सके। प्रशासन नही माना तो व्यापारी जबरन दुकान खोलने को मजबूर हो जाएगा।

मानक पूरा करने को तैयार

शारदा रोड व्यापार संघ महामंत्री अमित अग्रवाल ने बताया कि बाजार खोलने के लिए जो जरुरी मानक है वह सब व्यापारी पूरा करने को तैयार है। मेरठ का पडोसी मोदीनगर तक का बाजार खुल चुका है तो मेरठ क्यों नही खोला जा रहा है। यदि प्रशासन व्यापारियों की अनदेखी करेगा तो व्यापारी भी जबरन बाजार खोलने को मजबूर हो जाएगा।

नुकसान भरा रहा साल

व्यापारी शिशिव कौशिक ने बताया कि व्यापारियों के लिए पिछला पूरा साल नुकसान से भरा रहा था पिछले साल खरीदा गया माल इस साल धीरे धीरे निकल पाया था। अब नया माल लाने तक की व्यापारी में क्षमता नही बची है क्योंकि लॉक डाउन की मियाद बढ़ती जा रही है। लॉक डाउन खत्म हो तो व्यापारी अपने आगे के कारोबार के बारे में कुछ योजनाएं बनाए।