500 से 800 चालान रोजाना हो रहे है ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर

5 लाख का जुर्माना रोजाना वसूल रही ट्रैफिक पुलिस

एसपी ट्रैफिक बोले, खत्म हो गई शहर में जाम की समस्या

Meerut। यातायात माह में भी शहर की ट्रै्फिक व्यवस्था पटरी पर आने का नाम नहीं ले रही है। हालांकि ट्रैफिक पुलिस द्वारा व्यवस्था सुधारने के लिए रोजाना कई सौ चालान किए जा रहे हैं। सीधे शब्दों में कहें तो सड़कों पर ट्रैफिक नियम तोड़ने के एवज में पुलिस द्वारा रोजाना लाखों रूपये का जुर्माना वसूला जा रहा है। बावजूद इसके शहरभर में जाम के झाम लोगों को रोजाना जूझना पड़ रहा है।

करीब पांच लाख का जुर्माना

दरअसल, ट्रैफिक पुलिस के लाखों दावों के बावजूद शहर के बाजारों से लेकर सड़कों और मुख्य चौराहों तक पर लगने वाला जाम रोजाना लोगों को परेशान कर रहा है। हालत यह है कि यातायात माह तक में वाहन चालक ट्रैफिक रुल्स का पालन नहीं कर रहे हैं। सड़कों पर जहां देखों लोग बिना हेलमेट और सीट बेल्ट लगाए वाहनों को ओवर स्पीड दौड़ाते दिख जाएंगे। वहीं ट्रैफिक पुलिस के अधिकारी नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई कर यातायात व्यवस्था सुधारने का दावा कर रहे हैं। ट्रैफिक पुलिस की मानें तो 500 से 800 चालान रोजाना कर करीब पांच लाख का जुर्माना वसूल किया जा रहा है लेकिन लोग हैं कि मानते ही नहीं।

जाम से निजात नहीं

शहरभर में जाम की समस्या से निजात नहीं मिल पा रहा है। मगर कुछ इलाके तो ऐसे हैं जहां रोजाना लोगों को भीषण जाम से जूझना पड़ता है।

यहां है दिक्कत

जीरो माइल

बेगमपुल

बच्चा पार्क

हापुड़ अड्डा

भूमिया पुल

लिसाड़ी गेट चौपला

मेट्रो प्लाजा

रेलवे रोड चौराहा

केसरगंज

घंटाघर

खैरनगर

लाला का बाजार

सुभाष बाजार

गढ़ रोड

एक भी चालान नहीं

आमतौर पर लोग चप्पल पहन कर दोपहिया वाहन चलाते हैं। यही नहीं, व्हीकल ड्राइव करने के वक्त हेडफोन भी लगाते हैं। दरअसल, ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई के आदेश हैं। बावजूद इसके, ट्रैफिक पुलिस ने इन मामलों में एक भी कार्रवाई नहीं की है। शहरभर में जो भी चालान पुलिस द्वारा किए जा रहे है वह प्रदूषण, हेलमेट, सीट बेल्ट, ट्रिपलिंग के मामलों में ही है।

पहले ज्यादा होते थे चालान

बीतों सालों के यातायात माह में काटे गए चालान के आंकड़ों पर नजर डालें तो रोजाना तकरीबन 900 से एक हजार तक चालान होते थे। मगर इस बार यातायात माह में चालान की संख्या घटकर 500 से 800 पर आ गई है। ऐसे में सवाल ये उठता है कि सड़कों पर ट्रैफिक नियमों का पालन न होने की स्थिति में बीते सालों के मुकाबले चालानों की संख्या कम क्यों हो गई है।

ये है स्थिति

तारीख चालान जुर्माना

1 नवंबर- 576 - 68300

2 नवंबर- 818 - 145750

3 नवंबर- 835 - 188500

4 नवंबर- 813 - 201500

5 नवंबर- 572 - 225500

6 नवंबर- 712 - 235599

7 नवंबर- 791 - 245750

8 नवंबर- 635 - 388500

9 नवंबर- 512 - 201500

10 नवंबर- 772 - 325500

यातायात माह में यातायात के नियमों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रोजाना 500 से 800 चालान रोजाना किए जा रहे हैं। ट्रैफिक व्यवस्थाओं में भी सुधार लाया जा रहा है। शहर में जाम की समस्या हल हो गई है।

जितेंद्र श्रीवास्तव, एसपी ट्रैफिक, मेरठ