2011 में बसपा के कार्यकाल में गाजियाबाद कोर्ट में सरेंडर कर गया था जेल

उधम सिंह पर है लूट, रंगदारी और हत्या के 46 मुकदमे

Meerut। कुख्यात उधम सिंह करनावल शनिवार को बाराबंकी जेल से जमानत पर रिहा हो गया। उसकी रिहाई के बाद पुलिस हरकत में आ गई है और उसके शूटरों पर निगरानी शुरू कर दी है। दस साल से उधम सिंह जेल से ही अपना गैंग चला रहा था।

अभी गांव नहीं पहुंचा

सरूरपुर थाने के करनावल गांव निवासी उधम सिंह का डी-50 गैंग रजिस्टर्ड है। उधम पर लूट, हत्या, डकैती और रंगदारी के 46 मुकदमे दर्ज हैं। 2011 में उधम सिंह ने गाजियाबाद कचहरी में सरेंडर कर दिया था। तब से वह जेल से ही गैंग चला रहा था। भाजपा सरकार आने के बाद भी वह जमानत के बाद भी जेल में रहा। बताया गया है कि सभी मुकदमों में गवाह नहीं मिलने से वह बरी हो चुका है। 2011 से अब तक उधम सिंह मेरठ, लखनऊ, प्रयागराज, आजमगढ़, सोनभद्र व बाराबंकी की जेल में रह चुका है। रिहाई के बाद उधम अभी अपने गांव नहीं पहुंचा है। उसके घर पर तीन दिन बाद एक आयोजन है। माना जा रहा है कि इस आयोजन में शामिल होने के लिए वह अपने गांव आएगा।

डरने की जरूरत नहीं

एडीजी राजीव सभरवाल ने बताया कि उधम सिंह की रिहाई के बाद उस पर निगरानी रखी जाएगी। किसी को डरने की जरूरत नहीं है। अगर उसने किसी को परेशान किया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उसके शूटरों पर भी पुलिस की नजर है।