कोतवाली थाना क्षेत्र का मामला, विरोध के बाद भागे युवक

सूचना पर पहुंची पुलिस, कार्रवाई का आश्वासन देकर लौटी

Meerut। बाजार के बीचों-बीच कांप्लेक्स पर चढ़कर कुछ युवक अश्लील डांस करने लगे। आसपास के लोगों ने विरोध कर दिया। दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गई। लोग युवकों को पकड़ने के लिए दौड़े तो वह फरार हो गए। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। वहीं, आए दिन युवक कांप्लेक्स पर चढ़कर महिलाओं पर फब्तियां भी कसते हैं।

छतों पर मौजूद थी महिलाएं

कोतवाली थाना क्षेत्र के भगत सिंह मार्केट स्थित पीर वाली गली में उजाला कांप्लेक्स है। आसपास बड़ी संख्या में मकान भी हैं। दोपहर के समय महिलाएं छतों पर मौजूद थीं, तभी कुछ युवक कांप्लेक्स की छत पर पहुंच गए। देखते ही देखते उन्होंने अश्लील डांस करना शुरू कर दिया। महिलाओं और परिजनों ने विरोध किया तो युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। उनको पकड़ने के लिए लोग पहुंचे तो आरोपी भाग गए। इसको लेकर काफी देर तक बाजार में भी हंगामा होता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस से लोगों ने विरोध जताते हुए कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी आशुतोष कुमार ने बताया कि सूचना पर पुलिस पहुंची थी। हालांकि युवक फरार हो गए थे। उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।