पेट्रोलियम पदार्थो के बाद सब्जियों के दामों में तेजी से आया उछाल

सोने के दाम में इजाफा होने से आम लोगों की मुश्किलें बढ़ीं

3 माह के लॉकडाउन ने बढ़ाई शहरवासियों की मुश्किलें

50 हजार रुपये के पार पहुंच गए हैं सोने के रेट

80 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच चुके हैं पेट्रोल के दाम

Meerut। पहले तीन माह के लॉकडाउन के कारण अपने काम धंधे में नुकसान झेल चुके आम जन को अब महंगाई ने परेशान कर दिया है। हालत यह है कि पहले लगातार बढ़ते पेट्रोल व डीजल के दाम के बाद सब्जियों के दाम में आई तेजी के बाद सोने का दाम भी 50 हजार पर पहुंच गया है। इससे ना सिर्फ मध्यमवर्गीय बल्कि अपर क्लॉस के लोगों की परेशानी भी बढ़ रही है। शहर की रसोई से लेकर हर तरह की चीज की खरीद पर फर्क पड़ने लगा है इससे परेशान होकर लोग अब सरकार से राहत की आस लगा रहे हैं।

तेल के दाम से बिगड़ा बाजार

आम आदमी के दैनिक जीवन पर सबसे ज्यादा असर तेल, घरेलू गैस और राशन के दाम पर पड़ता है। ऐसे में पेट्रोल डीजल के लगातार बढते दाम में आम जन के जीवन पर असर डालना शुरु कर दिया है। पेट्रोल 80 रुपए प्रति लीटर पहुंच चुका है। इससे वाहन चालकों के रोजाना का खर्च बढ़ चुका है। डीजल के दाम भी तेजी से बढ़ रहे हैं इससे आने वाले कुछ दिनों में दैनिक जरुरतों की सब चीजों के दाम बढ़ना तय है।

टमाटर हुआ 100 रुपया पार

वहीं सब्जियों के दाम में भी तेजी से इजाफा होने लगा है। इसका उदाहरण सबसे जरुरी सब्जी टमाटर के साथ देखने को मिल रहा है। कुछ दिन पहले तक 15 से 20 रुपए प्रति किलो बिकने वाला टमाटर आज 100 रुपए प्रति किलो पार हो गया। आम आदमी की रसोई से टमाटर इस दाम के कारण गायब ही हो गया है। वहीं आलू प्याज के दाम में भी अब तेजी आने लगी है। अगले कुछ दिनों में प्याज के दाम भी 50 पार होने की संभावना है।

सोना हुआ 50 हजारी

वहीं हर नारी के श्रृंगार का पसंदीदा सोना भी अब 50 हजार के दाम के साथ आम आदमी की पकड़ से बाहर हो चुका है। लॉक डाउन के कारण भले ही शादियों की संख्या में कमी आई हो लेकिन शादियां होनी शुरु हो गई है ऐसे में सोने के दाम में एकदम से हुई वृद्धि ने मध्यमवर्गीय लोगों को तगड़ा झटका दिया है।

लॉक डाउन के कारण वैसे ही सबके काम धंधे बंद हो गए थे अब सब चीजों के दाम बढ़ने से ओर अधिक परेशानी बढ़ गई है। कम से कम जरुरी चीजों के दाम नही बढ़ाए जाने चाहिए। सोने का दाम 50 हजार होने से आम आदमी पहुंच से सोना अब दूर होता जा रहा है।

राजकुमारी

आम घर की रसोई पर घरेलू गैस, तेल और सब्जियों के दाम का सबसे अधिक प्रभाव पड़ता है। गैस लगातार महंगी हो रही है। डीजल महंगा होने से फल सब्जी, दूध ब्रेड सबकुछ महंगा होगा। टमाटर के दाम जेब से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में रसोई का बजट तो पूरी तरह से बिगड़ ही चुका है।

पुष्पा

व्यापार पहले से ही पूरी तरह ठप था अब रही सही कसर महंगाई ने पूरी कर दी है। डीजल पेट्रोल के दाम आम आदमी की जेब पर बहुत असर डालते है। इनके दाम कंट्रोल नही हुए तो बजट बुरी तरह बिगड़ जाएगा।

संजय

सोने के दाम का असर तो केवल उन पर पडे़गा। जो गोल्ड में इन्वेस्ट करते हैं या शादी विवाह है लेकिन सब्जियां और तेल के दाम का असर तो हर किसी की जेब पर पड़ रहा है। ये जरुरी चीजें है इनके दाम में वृद्धि नही की जानी चाहिए।

डॉ। नीरज