मेरठ (ब्यूरो)। हालत यह है इन क्षेत्रों में 70 प्रतिशत इंडस्ट्रीज हैं। इन कॉलोनियों में हजारों लोग रहते हैं। जिन्हें बरसात में आवागमन में दिक्कत होती है। हालत यह है कि स्थानीय निवासियों ने जिम्मेदार अधिकारियों से लेकर सोशल मीडिया तक आवाज उठाई है। बावजूद इसके, अभी तक कोई सुधार नहीं हो सका है। दिल्ली रोड के कई इलाके मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। यहां सीवर लाइन बंद है। नाले गंदगी और सिल्ट से अटे पड़े हैं। सिटी के नागरिक ज्ञानेंद्र सिंह ने टवीट कर नगर निगम से इन क्षेत्रों की हालत सुधारने की मांग की है।

वीआईपी कॉलोनी में हाल बेहाल
हर साल जरा सी बारिश में दिल्ली रोड के आसपास बनी शिवपुरम, मानसरोवर गार्डन, देवलोक कालोनी, देव लोक कालोनी, सूर्या पैलेस, सरस्वती लोक, एरा गार्डन आदि प्रमुख कालोनियों में आने जाने का रास्ता तक भी जलभराव के कारण प्रभावित हो जाता है। यहां बरसात में बाढ़ से हालत बन जाते हैं। सड़कें पानी से भर जाती हैं। सीवर व नाले जाम होने के कारण यहां से पानी कई कई दिन तक नहीं निकल पाता है। वहीं जब पानी उतरता है तो सड़कें कच्ची होने के कारण पूरी तरह कीचड़ से पट जाती हैं। जिसमें दुपहिया तो क्या चौपहिया वाहन भी फंस जाते हैं।

इंडस्ट्रीयल एरिया में जलभराव
दरअसल मोहकमपुर और उद्योगपुरम शहर का प्रमुख इंस्ट्रीयल एरिया है। यहां आईआईए भवन समेत सैकड़ों इंडस्ट्रीज हैं। इसके बावजूद इस पूरे एरिया में जल निकासी के लिए सीवरेज सिस्टम नगर निगम आज तक नहीं बना पाया है। केवल नालियों पर यहां की इंडस्ट्रीज का जल निकासी का सिस्टम निर्भर है। जबकि बरसात में यह नालियां ओवर फ्लो हो जाती है और नालियों का पानी बड़े नाले में जाने के बजाए सड़कों पर ही भर जाता है। इसका नतीजा है कि उद्योगपुरम की मेन रोड पर दो-दो फुट गहरे गड्ढे हैं, जो बरसात में कीचड़ से भर जाते हैं। इस दौरान इन सड़कों से गुजरना दूभर हो जाता है।

हम लगातार पिछले कई साल से निगम और प्रशासन से मांग कर रहें हैं कि इन क्षेत्रों में सीवरेज सिस्टम को बनाया जाए। इसके बाद ही इन कालोनियों में जलभराव की समस्या से निजात मिल सकती है।
ज्ञानेंद्र सिंह

यहां सीवर तो दूर की बात, नालों तक की सफाई कई साल से नहीं हुई है। जिस कारण से पानी नहीं निकल पाता है।
दीपक

यहां जलभराव होने का प्रमुख कारण है जलनिकासी न होना। मोहकमपुर में नालियों की व्यवस्था पूरी तरह से खराब है और जगह-जगह नालियां बंद हैं। पानी नाले तक जाने के बजाए सड़क पर ही भर जाता है।
पवन

सड़कें कच्ची हैं इसलिए जरा सी बारिश से कीचड़ हो जाता है। इस साल निगम ने कुछ योजना बनाई हैं, मगर देखना ये है कि ये कब तक पूरी होती हैं।
प्रदीप

मोहकमपुर इंडस्ट्रीयल एरिया में नाला व सड़क निर्माण का काम शुरु हो गया है। नालियों से लेकर मेन नाले की सफाई लगातार हो रही है।
ब्रजपाल सिंह, सहायक नगरायुक्त