-जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान समेत 32 सदस्यों ने पद की गोपनीयता की शपथ

-प्रतिद्वंद्वी कुलविंदर और सुमन भदौड़ा नहीं पहुंची तो डीएम के बुलावे पर देर से पहुंचे नवाजिश

-शपथ ग्रहण समारोह के बहाने अतुल प्रधान ने दिखाया दमखम, जमकर जुटाई भीड़

Meerut : 'मैं, सीमा प्रधान जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वर की शपथ लेती हूं कि' गुरुवार को जिले की संसद के गठन के बाद प्रथम नागरिक जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान ने नौचंदी ग्राउंड में पद की गोपनीयता की शपथ ली। अपने संबोधन में उन्होंने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि जन वार्डो से महिलाओं को चुना गया है उनके वार्ड में जमकर विकास कार्य कराए जाएंगे। महिलाओं के उत्थान की योजनाओं का क्रियान्वयन होगा। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मुलायम यादव को धन्यवाद देते हुए उन्होंने जिले की जनता से विकास का वादा किया।

डीएम ने ग्रहण कराई शपथ

तय प्रोग्राम से करीब डेढ़ घंटे देरी से 12:30 पर जिलाधिकारी पंकज यादव ने सीमा प्रधान को शपथ ग्रहण कराई। सीमा ने 34 में से मौजूद 32 जिला पंचायत सदस्यों को पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई। यहां मंच पर सीडीओ नवनीत चहल, एसएसपी दिनेश चंद्र दूबे के अलावा सपा की एमएलसी सरोजनी अग्रवाल, विधायक गुलाम मोहम्मद, प्रभूदयाल वाल्मीकि, जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, राज्यमंत्री राजपाल सिंह आदि मंच पर मौजूद थे।

'भई अब तो गैप नहीं है'

मंच पर सीमा प्रधान से शपथ ग्रहण करते समय नवाजिश शाहिद ने कमेंट किया कि 'भई देख लो अब गैप नहीं है.' नवाजिश का इशारा दो बड़े सपा नेताओं के बीच संबंधों की ओर था। हालांकि नवाजिश की एंट्री ने चौंकाया सभी को चौंका दिया, लोग उन्हें अनुपस्थित मानकर चल रहे थे। हुआ कुछ यूं कि नवाजिश को समारोह के संबंध में जानकारी नहीं दी गई, इस बात की जानकारी पर डीएम ने फोन से बात कर नवाजिश को आमंत्रण दिया। डीएम के बुलावे पर नवाजिश देरी से मंच पर आए और शपथ ग्रहण कर चले गए।

नहीं पहुंचे कुलविंदर-सुमन

समारोह में सीमा के प्रतिद्वंद्वी भाजपा के कुलविंदर नहीं पहुंचे। बताया गया कि उनके परिवार में डेथ हो गई है इसके चलते नहीं आ पाए तो वहीं कुख्यात योगेश भदौड़ा की पत्‍‌नी सुमन भदौड़ा भी नहीं पहुंची। वोटिंग के दौरान चर्चा में आने के बाद सुमन ने समारोह से खुद को अलग रखा। करीब डेढ़ घंटे चले इस आयोजन को डीएम ने भी संबोधित किया। उन्होंने शांतिपूर्ण चुनाव होने पर सभी को धन्यवाद दिया तो वहीं जनता को विकास का वायदा दिलाया।

अतुल प्रधान ने 'हीरो'

शपथ ग्रहण समारोह के बहाने सपा नेता अतुल प्रधान ने विरोधियों को सोचने पर मजबूर कर दिया। मेहमानों की आगवानी में लगे प्रधान किसको किस कुर्सी पर बैठाना है? यह तक तय कर रहे थे। अंत पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि वे सीमा के कामकाज में दखल नहीं देंगे। हां, यदि कोई सुझाव मांगा जाएगा तो अवश्य देंगे। उन्होंने विपक्षी से अपील की कि सीमा राजनीति में नई हैं, इनका सहयोग करें।

-----

तय होगी विकास की भूमिका

मेरठ: जिला पंचायत अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण करने के बाद मीडिया से मुखातिब सीमा प्रधान ने कहा कि जल्द ही जिले के विकास की भूमिका तय होगी। सभी वार्डो का समान विकास कराया जाएगा। महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए सीमा ने कहा कि सदन में महिलाएं बहुमत में हैं, ऐसे में सब एकजुट होकर जिले में महिला उत्थान के लिए काम करेंगी। कल्याण योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। विपक्षी के साथ भेदभाव न करने की घोषणा सीमा ने की। आई नेक्स्ट के सवाल के जबाव में सीमा ने कहा कि किसी बड़ी योजना पर अभी विचार नहीं किया है, जल्द ही एजेंडा बनाकर जिले के विकास के बड़ी योजनाओं पर क्रियान्वयन होगा।