-5 फरवरी से पुलिस, राजस्व और नगर निगम के कर्मचारियों का होगा टीकाकरण

दूसरे चरण के टीकाकरण को लेकर सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। स्वास्य विभाग की क्या तैयारियां चल रही हैं और क्या-क्या किया जाना है इसके लिए रविवार को यूपी सरकार के प्रमुख सचिव ने बनारस के स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेंदारों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जानकारी हासिल किया। कांफ्रेंसिंग में यह निर्णय लिया गया कि अब स्वास्थ्य विभाग के बाद पुलिस, राजस्व और नगर निगम के कर्मचारियों का टीकाकरण किया जाएगा। बैठक में सीएमओ के अलावा सभी एसएमओ सहित स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार मौजूद रहे।

कोरोना काल के दौरान फ्रंटलाइन वर्करों ने अपनी जान हथेली पर रखकर आम जन मानस की सेवा की थी। इन फ्रंटलाइन वर्कर में स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग और नगर निगम के कर्मचारी आदि शामिल हैं। पहले चरण में टीकाकरण स्वास्थ्य विभाग का हो रहा है। इसके बाद 5 फरवरी से फ्रंटलाइन वर्कर पुलिस, राजस्व और नगर निगम के कर्मचारियों को टीका लगेगा।

28, 29 और 4 फरवरी तक 90 फीसदी स्वास्थ्य कर्मियों को लगना है टीका

स्वास्थ्य विभाग की माने तो 28, 29 और 4 फरवरी को स्वास्थ्य विभाग के 90 फीसदी कर्मचारियों का टीकाकरण होना है। जिन स्वास्थ्य कर्मियों के लिस्ट में नाम थे और वे किन्हीं कारणों से छूट गए हैं उनके टीकाकरण बाद में होंगे।

5 फरवरी से पुलिस कर्मियों का होगा वैक्सीनेशन

स्वास्थ्य विभाग की माने तो 4 फरवरी तक स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का टीकाकरण संपन्न होने के बाद 5 फरवरी से पुलिस, राजस्व और नगर निगम के कर्मचारियों का टीकाकरण होना है।

करीब 45 सेंटरों पर होगा वैक्सीनेशन

टीकाकरण के लिए निर्धारित हुई तिथियों में स्वास्थ्य विभाग का यह लक्ष्य है कि करीब 45 सेंटरों को बनाया जाए, जहां टीकाकरण किए जाने हैं। स्वास्थ्य विभाग की माने तो प्रत्येक सेंटरों पर अधिकतम सौ से सवा सौ लोगों के ही टीकाकारण किए जाने का लक्ष्य है।

कुल 18900 स्वास्थ्य कर्मियों का होना है वैक्सीनेशन

फ्रंटलाइन वर्करों में स्वास्थ्य विभाग को टीका पहले फेज में ही लगाया जा रहा है। वाराणसी जिले में कुल 18900 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगना है। अभी तक 2263 स्वास्थ्य कर्मियों को कोविशिल्ड का टीका लग चुका है।

::: कोट :::

प्रमुख सचिव द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग में आगे के टीकारण की तैयारियों की जानकारी ली गई। 28, 29 जनवरी और 4 फरवरी को स्वास्थ्य कर्मियों का टीकाकरण होने के बाद 5 फरवरी के फ्रंटलाइन वर्कर पुलिस, राजस्व और नगर निगम के कर्मचारियों का टीकाकरण होना है।

डॉ। वी.वी। सिंह