- लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पाण्डेय की मौजूदगी में हुई भाजपा में शामिल

कुछ माह पहले तक जिस जिला पंचायत अध्यक्ष अपराजिता सोनकर पर तमाम आरोप लगाते हुए भाजपा ने उनको कुर्सी से हटाने की कोशिश की थी शुक्रवार को वहीं अपराजिता सब कुछ भूलकर सपा छोड़ भाजपा में शामिल हो गई। अपराजिता ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित भाजपा के लखनऊ मुख्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र नाथ पांडेय की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

ऐन वक्त पर छोड़ी पार्टी

पीएम के संसदीय क्षेत्र में निकाय चुनाव से महज नौ दिन पहले हुए इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से समाजवादी पार्टी बौखला गयी है। पिछली जुलाई में अपराजिता की कुर्सी बचाने की खातिर रात-दिन एक करने वाले सपा नेताओं ने इसे पार्टी के साथ विश्वासघात करार दिया है। उनका कहना था कि भाजपा ने तो तमाम आरोप लगाने के साथ हटाने की साजिश रची थी और पार्टी का वोट लेकर उसके संग धोखा किया है। पार्टी ने उनके जैसे अनजाने चेहरे को इतने महत्वपूर्ण पद की जिम्मेदारी दी लेकिन इसके बदले में उन्होंने जो किया वह ठीक नहीं है। पहले से ही अपराजिता तबीयत खराब होने की बात कहकर पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान से दूरी बना रखी थी।