वाराणसी (ब्यूरो)बलिया के भीमपुरा बाजार में स्थित एक घर में सो रहे व्यक्ति की बदमाशों ने गुरुवार की देर रात में गला रेत कर हत्या कर दी। घटना की जानकारी शुक्रवार को उस वक्त हुई जब दुकानदार मुख्य गेट की चाबी लेने के लिए मकान मालिक विनोद सिंह के पास गए। दुकानदारों ने देखा कि अंदर खून से लथपथ मकान मालिक का शव आंगन में पड़ा था। इसके बाद दुकानदारों ने शोर मचाया। सूचना पाकर पुलिस पहुंची, लेकिन घटना को किसने अंजाम दिया, इस बात की जानकारी नहीं हो सकी। घटनास्थल पर एक चारपाई पड़ी थी। बदमाशों ने चारपाई पर सोए हाल में ही धारदार हथियार से संबंधित की हत्या की है। चारपाई के बिछावन पर पर भी खून लगा था। घटना के बाद शव चारपाई से लगभग तीन मीटर की दूरी पर पड़ा था। हत्या का कारण पता करने में पुलिस जुटी है। घटनास्थल पर घर के सामने पांच दुकानें हैं। इन दुकानों के पीछे ही विनोद सिंह का मकान है। उसी मकान में वह सोए थे। अपराधियों के द्वारा गर्दन पर धारदार हथियार से वार करने के स्पष्ट निशान दिखाई दे रहे थे। एसपीदेवरंजन वर्मा, एएसपी अनिल झा, सीओ रसड़ा फहीम कुरैशी ने जांच की। भीमपुरा एसएचओ मनोज सिंह को निर्देश दिए कि स्थानीय स्तर से संबंधित से सभी तरह के संपर्क को खंगालें। पुलिस को कोई ऐसा साक्ष्य नहीं मिल सका, जिस आधार पर हत्यारों तक पहुंचा जा सके। घटना के बाद बाजार में अधिकांश दुकानदार अपनी दुकान बंद कर घर चले गए। बाजार में सन्नाटा पसरा था।

भीमपुरा की घटना की जांच चल रही है। घर के अंदर आंगन में खनू से लथपथ शव मिला। घटना की हर एंगल से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों का राजफाश कर देगी।

देवरंजन वर्मा, एसपी, बलिया।

मृतक के साथ नहीं रहता है परिवार

भीमपुरा बाजार में हुई घटना के बाद से कई सवाल उठ रहे हैं। पुलिस भी सटीक जानकारी हासिल नहीं कर पा रही है। बाजार के लोगों ने बताया कि मृतक की पत्नी अनीता सिंह और पुत्र अनंत कुमार साथ नहीं रहते थे। वह महाराष्ट्र में रहते हैं। बाजार के लोगों ने घटना की जानकारी उनको दी है। मृतक लंबे समय से अकेले रहते थे। उनकी हत्या किस वजह से हुई है, इसकी जानकारी के लिए पुलिस मोबाइल डिटेल खंगाल रही है।