वाराणसी (ब्यूरो)पश्चिमी विक्षोभ के चलते चल रही ठंडी हवाएं पूरे दिन सर्दी का एहसास कराती रहीं। इसी बीच दोपहर एक बजे से शहर के कई हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी भी शुरू हो गई। बारिश के बाद भी हवा चलती रही, जिससे मौसम और सर्द हो गया। मौसम विभाग के अनुसार 23 और 24 जनवरी को भी बारिश के आसार हैैं।

अलाव का लिया सहारा
दोपहर में बारिश और बूंदाबांदी के बीच आठ किमी प्रति ऑवर की रफ्तार से चल रही ठंडी हवाओं ने कंपाया तो शहर के लोग अलाव का सहारा लेने को मजबूर हो गए। घरों में रूम हीटर और ब्लोअर दिन में भी चला दिए गए। इस बीच जिसकी मजबूरी थी, वह गर्म कपड़ों से शरीर को पूरी तरह से लैस होकर ही घर से बाहर निकला। इसके बाद भी ठंडी हवाएं शरीर को कांपने पर मजबूर करती रहीं।

अभी रहेगा ठंड का असर
उत्तर मैदानी भागों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है। इसका असर बनारस समेत पूरे पूर्वांचल में दिखने की बात मौसम विभाग की ओर से कही जा रही है। शुक्रवार रात में आसमान में बदली छाई थी। शनिवार को दोपहर में बारिश हो ही गई। रविवार और सोमवार को भी शहर में बारिश की संभावना जताई गई है।

तापमान में अंतर नहीं
बारिश और बूंदाबादी के चलते शनिवार को शहर के दिन व रात के तापमान में सिर्फ 05 डिग्री सेल्सियस का अंतर ही रहा। दिन में बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी से तापमान बढ़ नहीं सका। इस बीच बूंदाबांदी और हवाओं ने मौसम को ठंडा बनाए रखा।

आने वाले दिनों संभावित तापमान
डेट मिन। मैक्स।
22 जनवरी 14 19
23 जनवरी 13 21
24 जनवरी 12 19
25 जनवरी 09 16
26 जनवरी 08 19
(तापमान डिग्री सेल्सियस में)