दीनदासपुर गांव में रविवार दोपहर में निर्माणाधीन मकान की खिड़की निकालने को लेकर दो पक्षों में जमकर ईंट-पत्थर चले। जिसमें तीन लोग घायल हो गए। वहीं सूचना पर पहुंचे जंसा चौकी के पुलिस कर्मी संघर्ष रोकने की जगह भाग खड़ी हुई। बाद में पहुंचे थाना प्रभारी ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया। इस मामले में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। रफीक अंसारी पुत्र मोहम्मद हनीफ अपने निर्माणाधीन मकान में खिड़की निकलवा रहे थे। इसका विरोध अच्छे पुत्र मैनुद्दीन के परिवार के लोगों ने किया। इस पर विवाद शुरू हो गया। सूचना मिलते ही मौके पर जंसा चौकी प्रभारी पहुंचे। इसी बीच अचानक अच्छे के परिवारीजन ईंट-पत्थर चलाने लगे। यह देख पुलिस मौके से भाग खड़ी हुई।

ईंट-पत्थर के हमले में रफीक पक्ष के शमशाद अंसारी, मोहम्मद मुबीन अंसारी, रफीक गंभीर रूप से घायल हो गए। विवाद से गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया। सूचना पर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। घायल तीनों लोगों का पुलिस ने प्राथमिक उपचार कराया। रफीक अंसारी की तहरीर पर विपक्षी दानिश अंसारी, नीरूद्दीन अंसारी, अमजद अली अच्छे पुत्र मैनुद्दीन के खिलाफ धारा 147, 323, 452, 427 के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई।