बड़ागांव थाना क्षेत्र के ईश्वरपुर गांव स्थित इंडेन गैस एजेंसी के गोदाम से शुक्रवार की देर रात चोरों ने सीमेंट शेड तोड़कर 49 खाली सिलेंडर पर हाथ साफ कर दिए। एजेंसी के संचालक बिरांव निवासी उपेंद्र सिंह ने बताया कि 1.17 लाख रुपए के सिलेंडर रहे होंगे। उपेंद्र सिंह का कुरु गांव के पास भद्रकाली इंडेन गैस के नाम से एजेंसी है, गोदाम ईश्वरपुर में है। उन्होंने बताया कि गोदाम पर कार्यरत कर्मचारी रोज की तरह अपने समय से ताला बंद कर चले गए। सुबह गोदाम का ताला खोला तो 49 सिलेंडर नहीं थे, वहीं छत पर लगी सीमेंट की चादर तोड़ी गई थी। इसके बाद बड़ागांव पुलिस को सूचना दी गई। सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और जांच की। बताया कि शेड के रास्ते सिलेंडर नीचे फेंके गये थे, जिसके निशान भी मिले हैं।