वाराणसी (ब्यूरो)। मौसम विभाग ने अलर्ट किया है कि आने वाले कुछ दिनों में बनारस समेत पूर्वांचल में शीतलहर चलने लगेगी। इससे तापमान तो गिरेगा ही साथ ही कड़ाके की ठंड से जन-जीवन भी प्रभावित होगा। बनारस में बुधवार की रात अबतक की सबसे सर्द रात रही और पारा लुढ़क कर दस डिग्री से कम पर पहुंच गया.आनेवाले दिनों में इस वर्ष पिछले वर्षों के मुकाबले अधिक गलन व शीतलहर पडऩे से नागरिकों को जन-जीवन प्रभावित होने वाला है।

उत्तर-पश्चिमी की हवा गिरा रही पारा
नवंबर के आखिरी सप्ताह में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि उत्तर-पश्चिमी दिशा से चलने वाली हवाओं की गति में तेजी आएगी, इससे तापमान में भारी गिरावट आएगी। इस सप्ताह 30 नवंबर तक शीतलहर के साथ जबरदस्त ठंड पड़ेगी।

मौसम ले रहा तेजी से करवट
शहर में मौसम के मिजाज की बात करें तो गुरुवार की सुबह आसमान साफ रहा। वहीं सात बजे तक अंचलों में कोहरे का दौर बना रहा। आठ बजे तक कोहरे का असर खत्म होता चला गया और धूप होने के बाद इसका असर भी वातावरण को राहत देता रहा। बता दें कि इस सीजन में पहली बार तापमान दस डिग्री से कम हुआ है। ऐसे में आगे भी अगर यही असर बना रहा तो पखवारे भर में न्यूनतम तापमान गिर सकता है। हालांकि, पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर हुआ तो तामपान में इजाफा भी हो सकता है।

सीजन में पहली बार 10 डिग्री से नीचे
पूर्वांचल में मौसम का रुख बदल रहा है। मौसम विज्ञानी का कहना है कि यूरोप से आने वाली हवाएं अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश से आगे पूर्वी उत्तर प्रदेश की ओर बढऩे लगी हैं। मौसम का रुख लगातार बदल रहा है, ऐसे में अब घने कोहरे का दौर भी आगे आने की उम्मीद है।

बढ़ी गलन तो तापमान में उछाल
शहर का तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा। न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से चार डिग्री कम रहा। आर्द्रता अधिकतम 76 फीसद और न्यूनतम 43 फीसद दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार दक्षिण भारत में बादलों की सक्रियता का दौर बना हुआ है। वहीं पश्चिमी विक्षोभ का असर पाकिस्तान से होते हुए हिमालय तक पहुंच रहा है। इसके असर से ही तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है।


इस साल पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड पडऩे वाली है। आने वाले 3-5 दिनों से ही बढ़ी ठंड का सामना करना पड़ सकता है। उत्तराखंड से आने वाली ठंडी हवा भी मौसम को सर्द करेगी। तेज हवाएं रात का तापमान गिराएंगी।
-एसएन पांडेय, मौसम विज्ञानी, बीएचयू