वाराणसी (ब्यूरो)ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र पिंडरा व रोहनिया के लिए कांग्रेस ने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है, लेकिन सपा, भाजपा व बसपा ने अभी तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। हालांकि आखिरी चरण में चुनाव होने के कारण बनारस में सियासी फिजा नहीं बन पा रही है, लेकिन पार्टियों के रणनीतिकारों के अनुसार बनारस भी चुनावी माहौल में रंग चुका है। प्रत्याशी भले ही घोषित न हुए हों, लेकिन कार्यकर्ताओं ने घर-घर दस्तक देनी शुरू कर दी है।

बनारस में चुनावी गतिविधियां जोरों पर हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार के काम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं ने अभियान शुरू कर दिया है। बहुत जल्द ही प्रत्याशियों की घोषणा भी जाएगी।
-महेश चंद श्रीवास्तव, अध्यक्ष, काशी प्रांत भाजपा

राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देशानुसार पार्टी का हर कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में जुट गया है। कोरोना को लेकर चुनाव आयोग की जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए घर-घर जाकर 300 यूनिट बिजली फ्री देने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। इसी महीने के अंत में प्रत्याशियों की घोषणा की जाएगी।
-विष्णु शर्मा, महानगर अध्यक्ष, सपा

हमारी पार्टी ने रोहनियां व पिंडरा से प्रत्याशी की घोषणा कर दी है। बहुत जल्द ही अन्य सीटों के लिए भी नाम सामने आ जाएंगे। पार्टी की ओर से जारी मेनीफेस्टो भर्ती विधान की प्रति का लोकार्पण भी कर दिया गया है। इसे जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
-राघवेंद्र चौबे, महानगर अध्यक्ष, सपा

घर-घर शुरू किया अभियान
सपा ने सरकार बनने पर घरेलू उपभोक्ताओं को बिजली मुफ्त देने की घोषणा की है। इसके लिए सपा अभियान चला रही है। इसके लिए पार्टी ने जो योजना बनाई है, उसके आधार पर कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। पांच कार्यकर्ताओं की टोली घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क कर रही है। सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने कार्यकर्ताओं के साथ ठिठोरी महाल, भोजूबीर, नदेसर, चौकाघाट क्षेत्र में घर-घर दस्तक दिया।

भर्ती विधान का लोकार्पण
मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय में शनिवार को पूर्व मंत्री अजय राय, पूर्व सांसद डॉ। राजेश मिश्रा, महानगर अध्यक्ष राघवेन्द्र चौबे ने घोषणा-पत्र भर्ती विधान की प्रति का लोकार्पण किया। पूर्व विधायक अजय राय ने कहा कि राहुल गांधी और यूपी प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए युवाओं का जो घोषणा पत्र जारी किया है, वह उत्तर प्रदेश को एक नई दिशा देगा।

भाजपा का प्रचार अभियान शुरू
महानगर की तीनों विधानसभाओं में भाजपा ने शनिवार से चुनाव प्रचार अभियान का शुभारंभ किया। इसमें मंत्री, विधायक एवं भाजपा पदाधिकारी शामिल हुए। कोविड के चलते चुनाव आयोग द्वारा रैली, रोड शो पर लगाई गयी रोक को देखते हुए पार्टी ने शहर के प्रमुख चौराहों से चुनाव प्रचार शुरू किया, जो शाम 4 से 6 बजे तक चला।