गोला दीनानाथ निवासी जनरल स्टोर संचालक मनोज केशरी का बेटा अश्वनी केसरी का शनिवार को जन्मदिन था। शुक्रवार की शाम से ही वह जन्मदिन दोस्तों के साथ मनाने के लिए वह जिद कर रहा था। परिजनों से 2 हजार रुपये मांग रहा था। परिवार की स्थिति को देखते हुए मनोज केशरी ने उसे समझाया, लेकिन रात में ही अश्वनी घर से निकल पड़ा। अश्वनी को मनाने के लिए उसके पिता मनोज भी उसके पीछे चल पड़े। पिता और पुत्र साथ चलते हुए राजघाट स्थित मालवीय पुल पहुंचे। वहां अश्वनी को मनोज समझा रहे थे कि इसी बीच उसने मालवीय पुल से गंगा में छलांग लगा दी। कलेजे के टुकड़े को बचाने के लिए पिता ने तनिक भी समय जाया नहीं किया और वह भी नदी में कूद गया। यह देख वहां मौजूद नाविकों ने भी उन्हें बचाने के लिए छलांग लगाई लेकिन बेटे का कोई पता नहीं चला। हालांकि पिता को बचाने में नाविक सफल रहे। मामला राजघाट स्थित मालवीय पुल का है। उधर पुलिस और एनडीआरएफ की टीम युवक का पता लगाने में जुटी हुई थीं लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

----

मनोज केसरी के 2 बेटे और 2 बेटियां हैं। अश्वनी चारों में सबसे बड़ा था। मंडलीय अस्पताल में होश आने पर मनोज बार-बार अश्वनी के बारे में ही पूछ रहे थे। परिजन और पड़ोसी उन्हें बड़ी ही मु्श्किल से संभाल रहे थे।