-कैंट स्टेशन के करीब हुआ बड़ा हादसा, देर रात तक चलता रहा बचाव कार्य

-निर्माणाधीन चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर पर एलाइनमेंट के दौरान भीड़ भरी सड़क पर गिरा बीम

कैंट रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर का एक बीम मंगलवार की शाम अचानक सड़क पर गिर पड़ा। इसकी चपेट में आधा दर्जन से अधिक वाहन गए। जिसमें सवार दर्जनों लोगों के दबे होने की आशंका है। बचाव कार्य में लगी पुलिस, एनडीआरएफ, सेना और सीआरपीएफ की टीम ने देर रात तक 16 शव निकाल लिया था। मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ने की आशंका है। मरने वालों में बच्चे भी है। घायलों को मंडलीय हास्पिटल, बीएचयू ट्रामा सेंटर व आसपास के निजी हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। बीम के मलबे में एक सिटी बस के अलावा पांच चार पहिया वाहन और दो आटो भी दबे हैं।

सुबह चढ़ा था बीम

चौकाघाट-लहरतारा फ्लाईओवर विस्तारीकरण कार्य पिछले तीन साल से चल रहा है। आधा से अधिक काम पूरा हो चुका है। तकरीबन 28-28 मीटर दूर बने पिलर को जोड़ने के लिए बीच में पांच बीम बांधे गये हैं। इन बीम को पहले नीचे ढाल लिया जाता है और फिर उसे तैयार होने पर पिलर पर चढ़ाया जाता है। सुबह के वक्त चढ़ाए गए सबसे किनारे के बीम के एलाइनमेंट का काम चल रहा था।

लगा हुअा था जाम

शाम 5.30 बजे के आसपास अचानक बीम असंतुलित हुआ। एलाइनमेंट कर रहे मजदूरों ने शोर मचाया मगर शाम का वक्त होने के कारण नीचे सर्विस लेन पर जाम लगा हुआ था। लोग कुछ समझ पाते तब तक 60 फीट की ऊंचाई से 30 मीटर लंबा और 8 फीट चौड़ा बीम सर्विस लेन पर गिर पड़ा। सिटी बस समेत आधा दर्जन वाहन इसके नीचे दबकर चकनाचूर हो गए। कुछ पैदल चल रहे लोग भी इसके नीचे दब गए तो बीम से बाल-बाल बचे लोग अपने वाहन वहीं छोड़कर भाग निकले।

16 लाशें निकाली गई

बीम के नीचे सिटी बस का पिछला हिस्सा दबा हुआ था। इसमें कई लोग दब गए। बचे हुए यात्री चीख-पुकार करते हुए भाग निकले। मौके पर पुलिस, एनडीआरएफ और सीआरपीएफ के जवान पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सेना के जवानों को बुलाया पड़ा। एडीजी जोन, आईजी और एसएसपी भी पूरे समय घटनास्थल पर डटे रहे।

नौ क्रेन भी नहीं उठा सकीं बीम

बीम के नीचे दबी गाडि़यों से लोगों को निकालने के लिए क्रेन मंगाई गई। एक के बाद एक नौ क्रेन बीम को बमुश्किल पांच फीट ही उठा सकीं। सभी गाडि़यों को एक-एक कर निकाला गया और घायलों और लाशों को अस्पताल पहुंचाया गया। देर रात तक बचाव कार्य जारी रहा।

सेतु निगम की लापरवाही

राज्य सेतु निगम की लापरवाही का का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस रूट पर यातायात रोका नहीं गया था। हालांकि प्रशासन ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर दिया। क्रेन से बीम को हटाने का कार्य शुारू कर दिया गया। देर रात तक डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के बनारस पहुंचने की सूचना है। पीएम नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा दुख जताया है।