आज गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा नदी में स्नान का विशेष महत्व माना गया है। लेकिन इस बार काशीवासियों को गंगा स्नान के लिए पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। जल और थल पुलिस पर तैनात फोर्स घाटों पर लोगों को आने से रोकेगी। क्योंकि गंगा दशहरा रविवार के दिन है और वीकेंड लॉकडाउन चालू है।

यूपी सरकार ने कोविड-19 के मद्देनजर वीकेंड लॉकडाउन घोषित किया है। शुक्रवार की रात से यह लॉकडाउन प्रभावशील है और सोमवार की सुबह सात बजे तक रहेगा। ऐसे में गंगा दशहरा इस बार रविवार को है। अब वीकेंड लॉकडाउन घोषित होने की वजह से गंगा स्नान और मंदिरों में पूजा-अर्चना की मनाही रहेगी।

वैसे तो बनारस के सभी घाटों पर लोग स्नान करते देखे जाते है, लेकिन प्रमुख रूप से दशाश्वमेध, अस्सी, पचगंगा, सिंधिया घाट, राज घाट, केदार घाट, शिवाला घाट, बाला जी, अहिल्या बाई, मीर घाट, तुलसी घाट, हनुमान घाट आदि प्रमुख घाटों पर लोग स्नान करने दूर दराज से आते हैं। इन सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस का कड़ा पहरा होगा। यहां पर जल पुलिस और सिविल पुलिस भ्रमणशील रहेंगी।

कोविड प्रोटोकाल का पालन करने के लिए सभी शहरवासियों से अपील की जा रही है। गंगा दशहरा पर्व रविवार को है और वीकेंड लॉकडाउन उस दिन प्रभावी रहेगा, इसके लिए नदी में स्नान करना पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा।

विकास चंद्र त्रिपाठी

एडीसीपी, काशी जोन