वाराणसी (ब्यूरो)। गंगा घाटों की सीढिय़ों और नाव के साथ ही रंग बिरंगे गुब्बारों (हॉट एयर बैलून) से इस बार देव दीपावली देखने का लोगों ने आनंद उठाया। गंगा उस पार डोमरी से उड़ाए गए बैलून से घाटों की अद्भुत छठा दिखाई दी। अपनी आंखों से अनूठे उत्सव का नाजारा लेने के लिए लाखों लोग गंगा घाटों पर पहुंचे। घाट की ओर जाने वाली हर गली लोगों से ठसाठस भरी दिखाई दी।

दीपों की अनगिनत श्रृंखला जल उठी
सूर्य अस्त होते ही माटी के दीपों में तेल की धार बह चली और रुई की बाती तर होते ही प्रकाशित होने को आतुर नजर आई। गोधूलि बेला के साथ ही एक-एक कर दीपों की अनगिनत श्रृंखला पूर्णिमा के चांद की चांदनी को चुनौती देने के लिए बेकरार हो चली।

जगमग दीप रोशनी का।

लेजर शो और आतिशबाजी
पचगंगा घाट पर हजारा (हजार दीपों) और शिवाला घाट पर लेजर शो के आयोजन ने देव दीपावली पर अलग ही शमां बांध दी। अस्सी के सामने इलेक्ट्रानिक आतिशबाजी का भी इस बार लोगों को नजारा देखने को मिला। इस दौरान दर्जनों घाटों पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का मन मोहा।

कुछ यूं मनाई देव दीपावली।