- दो पक्षों में जमकर चले ईट-पत्थर व लाठी-डंडे, छह जख्मी, दो बंदी

- सात के खिलाफ हत्या, बलवा, मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज

मंडुआडीह थाना क्षेत्र स्थित कंदवा की प्रजापति बस्ती में मंगलवार की सुबह खूनी होली खेली गई। दो पक्षों में ईंद-पत्थर और लाठी डंडे चले। इसमें एक महिला की मौत हो गई और दोनों पक्षों से कई घायल हो गए। मामले में पुलिस पतासाजी कर रही है। हत्या रास्ते के विवाद को लेकर हुई। सूचना पर थाना प्रभारी परशुराम त्रिपाठी ने घायलों को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर भेजा। एसीपी चक्रपाणि त्रिपाठी के साथ काशी जोन के डीसीपी अमित कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक जानकारी हासिल की।

बीएचयू के सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्लू राम प्रजापति कंदवा स्थित अपने पुश्तैनी मकान में परिवार समेत रहते हैं। उनका पुत्र दिनेश प्रजापति बीएचयू में पैथोलॉजी टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है जबकि पुत्रवधू प्रियंका जौनपुर के गौरा बादशाहपुर के प्राथमिक विद्यालय में अध्यापिका थीं। कल्लू राम के भाई स्व। लालजी के पुत्र दीपक, पुनवासी के पुत्र राजेंद्र, रामचरण के दो पुत्र श्रीराम व रवि थोड़ी दूर पर मकान बनवाकर रहते हैं। प्रजापति बस्ती में दोनों परिवारों की जमीन है। उसी के पास एक छोटा-सा मंदिर भी है। मंदिर से सटी जमीन की बाउंड्री करने को लेकर सोमवार को कल्लू और दीपक आदि में विवाद हुआ था। उस समय पुलिस ने मामले को शांत कर दिया, लेकिन सुबह लगभग साढ़े सात बजे दीपक पुन: वहां पहुंच गया। आरोप है कि कल्लू के परिवारीजन और दीपक में कहासुनी होने लगी। दीपक ने फोन कर अपने परिवारीजन को बुला लिया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों तरफ से ईट-पत्थर के साथ लाठी-डंडे चलने लगे। इसी बीच ईट के प्रहार से दिनेश की पत्नी प्रियंका (35) के सिर पर गंभीर चोट लग गई। उन्हें तत्काल ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कल्लू के पक्ष से दिनेश, माया, मनोज और ¨चटू को चोटें आई हैं। दूसरे पक्ष से दीपक और श्रीराम जख्मी हैं। दोनों परिवारों के बीच रास्ते के विवाद को लेकर पिछले दस दिनों से विवाद चल रहा था। प्रियंका की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। प्रियंका को पुत्री अंकिता (17) व पुत्र तन्मय (12) सहित दो संतानें हैं। मौके से पुलिस ने दो लाठी, एक लोहे की पाइप, ईट और खून से सना गमछा बरामद किया है। मौके पर पहुंचे काशी जोन के डीसीपी अमित कुमार ने बताया कि मामले में आरोपित दीपक व कन्नू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश जारी है।

दिनेश प्रजापति के चचेरे भाई विनोद कुमार प्रजापति की तहरीर पर मंडुआडीह पुलिस ने दीपक प्रजापति, रवि प्रजापति, राजेन्द्र प्रजापति, शुभम प्रजापति, प्रकाश प्रजापति, श्रीराम प्रजापति व कन्नू यादव के खिलाफ बलवा, मारपीट, हत्या, हत्या का प्रयास व साजिश रचने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।