शहर के 90 वार्डों में सुबह से दोपहर चल रहा सफाई अभियान

फायर ब्रिगेड की मदद से पूरे शहर में चल रही फॉगिंग

VARANASI

कोरोनावायरस के संक्रमण से बचाने के लिए नगर निगम ने शहर के सभी 90 वार्डो में 'ऑपरेशन क्लीन' शुरू कर दिया है। डीएम की ओर से जारी एडवाइजरी के मद्देनजर प्रभारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी रामसकल यादव ने सुपरवाइजर और सफाईकर्मियों को अलर्ट मोड कर रखा है, जो सुबह होते ही पूरे शहर में झाडू, चूने का छिड़काव, कीटनाशक स्प्रे कर रहे हैं। इसके अलावा सभी जोनल प्रभारियों ने अपने स्तर से अपने वार्डो में साफ-सफाई पर जोर दिया है। गंगा किनारे के वार्डो में तीन टाइम झाडू लगाया जा रहा है। फायर बिग्रेड विभाग की मदद से रात में मच्छरों को खत्म करने के लिए फॉगिंग भी करायी जा रही है। मंगलवार से सभी 90 वार्डो में मशीनों से कीटनाशक स्प्रे कराया जाएगा।

मशीनों से कीटनाटक स्प्रे

कोरानावायरस से लड़ने के लिए नगर निगम के बेड़े में कीटनाशक स्प्रे के लिए 90 मशीनें शामिल हो चुकी हैं। मंगलवार से शहर के सभी 90 वार्डो में इसी मशीनों से स्प्रे कराया जाएगा। इसके लिए 90 कर्मचारियों को वार्ड भी अलॉट कर दिया गया है, जो लगातार अपने क्षेत्र में स्प्रे करेंगे। हालांकि नगर निगम के पास इस तरह की 35 मशीनें पहले से मौजूद हैं, जिससे छिड़काव हो रहा है। इन मशीनों के आने से कोरोना वायरस को रोकने में नगर निगम को काफी मदद मिलेगी।

लोगों को किया जा रहा अवेयर

कोरोनावायरस के संक्रमण और उससे बचाव के लिए शहर के सभी वार्डो और सड़कों से लेकर गलियों में सोमवार को भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। गोदौलिया, रामापुरा, हुकुलगंज, कबीरचौरा, मैदागिन, बेनियाबाग, चेतगंज, लल्लापुरा, सिगरा, महमूरगंज, शिवपुर आदि क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सफाई के साथ सेनेटाइज भी किया गया। इसके अलावा नदेसर, चौकाघाट, तेलियाबाग, लहुराबीर, नईसड़क, मदनपुरा, सोनारपुरा, अस्सी, लंका, मालवीय चौराहा, नरिया, सुंदरपुर, डीरेका में चूना छिड़काव, कीटनाशक स्प्रे, कूड़ा कलेक्शन, कूड़ा निस्तारण, झाडू लगवाया गया। निगम कर्मचारियों ने पूरे क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को कोरोना से बचाव के लिए जागरूक किया और विशेष साफ-सफाई रखने की अपील की।

वर्जन

कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए निगम प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद है। सुपरवाइजर और सफाई कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। सुबह से दोपहर तक सफाई अभियान चल रहा है। गंगा किनारे 14 वार्डो में तीन टाइम झाडू लग रहा है। मंगलवार से मशीनों से कीटनाशक स्प्रे कराया जाएगा।

-रामसकल यादव, नगर स्वास्थ्य प्रभारी