- तैयारी पूरी, बकरीद आज

- ईदगाह की बजाए मस्जिद में होगी नमाज, सिर्फ 50 को छूट

कोरोना संक्रमण के बीच शहर में ईद-उल-अजहा की तैयारी जोरों से चल रही है। मस्जिद से लेकर घर तक तैयारियों को अंतिम रूप देने का कार्य मंगलवार की देर रात तक चलता रहा। इस खास पर्व के लिए लोगों ने मार्केट में जमकर खरीदारी भी की। मंगलवार को दालमंडी सहित अन्य बाजारों में बकरीद की खरीदारी के लिए भीड़ जुटी रही। बाजारों में कपड़ों के साथ ही लेडिज ने कास्मेटिक्स की खरीदारी की। वहीं खाने के लिए सेवई, खोवा और प्याज की बिक्री ज्यादा रही।

आज मनेगी बकरीद

ईद-उल-अजहा पर्व बुधवार को मनाया जाएगा। पर्व को लेकर यूथ व बच्चों में उत्साह का माहौल है। ईद की विशेष नमाज अदा करने को लेकर ईदगाहों व मस्जिदों की विशेष साफ सफाई की जा रही है। उलेमा लोगों से घर से ही नमाज पढ़ने की अपील कर रहे हैं।

घर में होगी कुर्बानी

कोविड प्रोटोकॉल को देखते हुए इस साल 50 से ज्यादा लोग एक जगह उपस्थित नहीं हो सकते। इसको देखते हुए इस साल ईदगाह की बजाए मस्जिद में ही नमाज अदा करने की सलाह दी गयी है। बाकी लोग अपने अपने घरों पर ही नमाज पढ़ेंगे। सुबह छह से दस बजे तक नमाज पढ़ी जाएगी। इसके बाद घरों पर ही मान्य जानवरों की कुर्बानी दी जाएगी। किसी ऐसे पशु की कुर्बानी नहीं दी जाएगी जिसकी बलि देना प्रतिबंधित है।