- गंगा नदी में नावों के संचालन पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा

- साबुन लगाकर स्नान और डिटर्जेन्ट या सर्फ से कपड़ा धोने पर रोक

वाराणसी में कोरोना संक्रमण की रफ्तार अचानक बढ़ने से प्रशासन की नींद उड़ गई है। पांच दिन बाद होली है, ऐसी स्थिति में नई समस्या सामने आ सकती है। इसे देखते हुए डीएम कौशल राज शर्मा ने 29 मार्च की दोपहर 12 बजे से रात्रि तक गंगा के सभी घाटों पर धारा-144 लागू कर दिया है। लोगों से परंपरागत तरीके से होली मनाने की अपील की है। इसके अलावा गंगा नदी में नावों के संचालन पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। वहीं गंगा में साबुन लगाकर स्नान और डिटर्जेन्ट या सर्फ से कपड़े धोने पर भी रोक लगा दी गई है।

डीएम ने बताया कि वाराणसी में रंग खेलने के बाद अधिकतर लोग स्नान के लिए गंगा नदी जाते हैं। ऐसी स्थिति में किसी भी आकस्मिक दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है। उक्त परिस्थितियों को देखते हुए जनपद के समस्त गंगा घाटों पर सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था बनाये रखने और अराजक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए 29 मार्च को होली के दिन धारा-144 लागू रहेगी। इसके तहत गंगा नदी में सभी प्रकार के नावों का संचालन पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा।