- महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान की रक्षा को लेकर पुलिस महकमा गंभीर

- जल्द ही दो और महिला पुलिस चौकियां खोली जाएंगी

- देहात क्षेत्र के बड़ागांव और लंका क्षेत्र में महिला रिपोर्टिग चौकियां स्थापित होंगी

समाज में आज महिलाएं पुरुषों से हर मामले में कदम से कदम मिलाकर चल रही हैं। देश की सुरक्षा की बात हो या सत्ता चलाने की आधी आबादी हर जगह अपनी मौजूदगी और महत्ता साबित कर रही हैं। हालांकि आज भी कुछ ऐसी महिलाएं हैं जो अपनी समस्याओं को लेकर थाने पर जाने से कतराती है। इसका कारण कहीं न कहीं पुरुष अधिकारी से उनका खुल का अपनी बात न रख पाना है। इसे देखते हुए प्रदेश में महिला शिकायत सुनने और उसके त्वरंत निस्पादन की कवायद तेज हो गई है। जल्द ही दो नये रिपोर्टिग चौकियों में केवल महिलाओं की शिकायत सुनी जाएंगी।

महिलाएं अपनी समस्याएं पुरुषों को बताने में अक्सर कहीं न कहीं झिझक खाती हैं। वहीं एक महिला दूसरी महिला से अपनी समस्या कहती है तो दूसरी महिला भी उसकी पीड़ा को समझती है। प्रदेश में इसे समझते हुए जहां हर थानों पर महिला हेल्प डेस्क की स्थापना योगी सरकार ने कराई है, वहीं अब वाराणसी में अन्य थानों की पुलिस चौकियों की तरह दो और महिला पुलिस चौकी बनाए जाने की कवायद तेज हो गई है। यहां सिर्फ महिलाओं की बात ही सुनी जाएंगी।

सिर्फ एक महिला थाना

बताते चलें कि वर्तमान में बनारस शहर में सिर्फ एक महिला थाना। यहां पूरी तरह से महिलाओं से ही संबंधित समस्याएं सुनी जाती हैं और उनके निस्तारण भी कराए जाते हैं। यहां हर रोज दो से चार मामले महिलाओं से संबंधित आते हैं, जिनमें से 90 फीसदी मामलों में महिला पुलिस सुलह समझौते करवाकर परिवार को टूटने से बचाने का काम करती है।

लंका और बड़ागांव में चौकियां

जिले की महिलाओं की सुरक्षा और उनके सम्मान की रक्षा को लेकर गंभीर पुलिस महकमा अब दो और महिला पुलिस चौकियों को खोलने की कवायद शुरू कर चुका है। इसके लिए एक देहात क्षेत्र के बड़ागांव और दूसरा शहर के लंका क्षेत्र में महिला रिपोर्टिग चौकियां स्थापित की जाएंगी।

::: कोट :::

महिला संबंधित शिकायतों के लिए सभी थानों पर महिला हेल्प डेस्क है, जहां केवल महिलाओं से संबंधित शिकायतें सुनी जाती हैं और उनका समाधान भी किया जाता है। महिला थाना के अलावा दो और रिपोर्टिग महिला पुलिस चौकी लंका और बड़ागांव में खोली जा रही हैं। यहां पर महिलाओं से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर कार्रवाई की जाएगी।

अमित पाठक, डीआईजी, एसएसपी