- सीसीटीवी फुटेज से हत्यारों तक पहुंची दुर्गाकुंड पुलिस

पुलिस ने हत्या में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया

भेलूपुर थाना क्षेत्र की कैवल्यधाम कॉलोनी स्थित ग‌र्ल्स हॉस्टल के मैनेजर विशाल की हत्या आशनाई के विवाद में की गई थी। यह खुलासा वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर रविवार को भेलूपुर थाने की पुलिस ने किया। 18 नवंबर को कैवल्यधाम कॉलोनी स्थित ग‌र्ल्स हॉस्टल के मैनेजर विशाल सिंह बाल्मीकि की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि दुर्गाकुंड चौकी इंचार्ज प्रकाश सिंह ने सीसी कैमरों की फुटेज की मदद से तफ्तीश शुरू की तो सामने आया कि वारदात को अंजाम देने वाला सिंधौरा थाना अंतर्गत अमौत चिंतामनपुर निवासी विकास राय उर्फ बाबू और उसका दोस्त भई ओदार निवासी सिद्धार्थ यादव उर्फ डिंपू यादव है।

गर्लफ्रेंड से था चक्कर

इसके बाद एसआई प्रकाश सिंह और क्राइम ब्रांच प्रभारी अश्वनी पांडेय की टीम ने शनिवार की देर रात दोनों के घर पर छापा मारकर गिरफ्तार किया तो वारदात की गुत्थी परत दर परत सुलझती गई। विकास ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड पहले विशाल के ही हॉस्टल में रहती थी। इस बीच वह विशाल के करीब आ गई थी। इसके बाद उसकी गर्लफ्रेंड लंका क्षेत्र में रहने लगी तब भी वह विशाल के ही करीब थी। इसके साथ ही विशाल उसके बारे में उसकी गर्लफ्रेंड से भी ऊटपटांग बोलता था। इससे नाराज विकास ने सौरभ के साथ कैवल्यधाम कॉलोनी जाकर विशाल की गोली मार कर हत्या कर दी। वारदात में प्रयुक्त असलहा और बाइक बरामद कर ली गई है। विकास को असलहा मुहैया कराने वाले और उसका सहयोग करने वाले अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

25 हजार का पुरस्कार

एसएसपी अमित पाठक ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले दुर्गाकुंड चौकी इंचार्ज प्रकाश सिंह और क्राइम ब्रांच प्रभारी अश्वनी पांडेय की टीम को 25 हजार का नकद पुरस्कार दिया गया है। इसके साथ ही पुलिस टीम को 50 हजार के पुरस्कार से पुरस्कृत करने के लिए आईजी रेंज को संस्तुति की गई है।