- 68 हजार लोगों ने माई सिटी, माई प्राइड एप के जरिए दिया अपना ओपिनियन, 60 परसेंट लोग हैं कई सुविधाओं से असंतुष्ट

- इज ऑफ लिविंग इंडेक्स प्रोग्राम के तहत बनारस में चल रहा सर्वे

vinod.sharma@inext.co.in

VARANASI

बनारस में वैसे तो हजारों करोड़ का विकास हुआ है। लीविंग स्टैंडर्ड को बेहतर बनाने की कोशिश है। स्मार्ट सिटी के तहत कई काम हुए लेकिन पब्लिक संतुष्ट नहीं है। खासकर बिजली, पानी और सफाई पर सरकारी विभागों के दावे से पब्लिक इत्तेफाक नहीं रखती। लोगों ने साफ-सफाई, पानी और सीवर के मामले में सिटी को फिसड्डी माना है। लोगों का मानना है कि अभी भी शहर में बहुत कुछ करना बाकी है। दरअसल लोगों की ये राय सरकार की ओर से कराये जा रहे एक सर्वे में आयी है। बनारस में एक फरवरी से शहरी आवास एवं विकास मंत्रालय के इज ऑफ लिविंग इंडेक्स प्रोग्राम के तहत सर्वे चल रहा है।

अब तक 68 हजार ने दी राय

माई सिटी, माई प्राइड एप के जरिए शहर के बुनियादी सुविधाओं मसलन एजुकेशन, हेल्थ सफाई, कूड़ा कलेक्शन, पेजयल, जलजमाव, बिजली, पॉल्यूशन, हरियाली समेत कई चीजों पर आम लोगों का ओपिनियन लिया जा रहा है। 26 फरवरी तक करीब 68 हजार लोगों ने एप के जरिए राय दी। इनमें से करीब 60 फीसद लोग इन सुविधाओं से संतुष्ट नहीं हैं लोगों ने माना कि इन चीजों में अभी सुधार की गुंजाइश है।

114 शहरों में चल रहा सर्वे

मंत्रालय की ओर से वाराणसी समेत देश के 114 शहरों में सर्विस और सरकारी सुविधाओं को लेकर सर्वे कराया जा रहा है। जो 29 फरवरी तक चलेगा। इसकेबाद शहरों की रैंकिंग होगी। इसके बाद आम लोगों को अच्छी सुविधा और सर्विस देने वाली सिटी की तर्ज पर पिछड़े शहरों में विकास कराया जाएगा।

वर्जन

क्यूआर कोड और ट्विटर के जरिए लोग फीडबैक दे सकते हैं। इसके अलावा शहर के प्रमुख स्थानों पर बैनर, पोस्टर और होर्डिग लगाये गए हैं। इज लिविंग ऑफ इंडेक्स के तहत सर्वे का उद्देश्य मेरा शहर, मेरा सम्मान की भावना यहां के लोगों में पैदा करना है।

-रामसकल यादव, नगर स्वास्थ्य प्रभारी

इन सवालों पर दी राय

आप अपने शहर की साफ-सफाई व्यवस्था से कितने संतुष्ट हैं।

आपके विचार में आपके आस-पड़ोस में कूड़ा उठाने की व्यवस्था कितनी अच्छी है।

आप अपने शहर में पेयजल की आपूर्ति का मूल्यांकन कैसे करेंगे।

आप अपने शहर में पानी जमा होने की समस्याओं का कितने अंतराल पर सामना करते हैं।

आपके विचार से क्या आपके शहर की हवा की गुणवत्ता संतोषजनक है।

आप अपने शहर में हरियाली के स्तर से कितने संतुष्ट है।

आप अपने शहर में बिजली सप्लाई से कितने संतुष्ट हैं

आप इस बात से किस हद तक सहमत या असहमत है कि आपका शहर सस्ती किफायती बिजली प्रदान करता है।