- शिवपुर बाजार के व्यापारियों ने किया चक्का जाम

- पांचो पंडवा के पास साल में तीसरी बार सड़क धंसी

पेयजल पाइप लाइन में लीकेज के चलते शिवपुर बाजार और पांचो पंडवा रामलीला मैदान के बीच की मुख्य सड़क शनिवार दोपहर धंस गई। कई दिनों से बरकरार लीकेज समस्या से क्षुब्ध लोगों ने चक्का जाम किया। राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल के आश्वासन पर जाम खत्म हुआ। इसके लगभग तीन घंटे बाद, शाम लगभग चार बजे वहीं पेयजल की पाइप लाइन फट गई। फौव्वारा के रूप में निकल रहा पानी सड़क से होता हुआ लोगों के घरों तक पहुंच गया। अफरातफरी के बीच क्षेत्र में पेयजल संकट पैदा हो गया है। यहां साल में तीसरी बार सड़क धंसी है। दूसरी बार धंसी सड़क की दो माह पहले ही मरम्मत हुई थी।

शिवपुर उद्योग व्यापार मंडल के संगठन मंत्री कमलेश केशरी, किशोर टंडन, राजू गुप्ता, विनोद केसरी, मनोज केसरी, संदीप केसरी, ओमप्रकाश चौरसिया ने बताया कि रामलीला मैदान के पास पेयजल पाइप लाइन में दो माह से लीकेज हो रहा था। पानी आसपास के मकानों की नींव में समा रहा है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, डीएम व नगर आयुक्त कार्यालयों में की जा चुकी है। उन शिकायतों का परिणाम शनिवार को सड़क धंसने व पाइप लाइन फटने के रूप में सामने आया।

पुलिस मौके पर पहुंची

सड़क धंसने के बाद स्थानीय लोगों के चक्का जाम की सूचना पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची। लोग पुलिस के समझाने से नहीं माने। एक घंटे बाद राज्यमंत्री रवीन्द्र जायसवाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जल निगम के जेई व निर्माण एजेंसी मेधा के प्रतिनिधियों से तत्काल लीकेज ठीक कराने का निर्देश दिया। लोगों को आश्वस्त किया कि लापरवाही के लिए जिम्मेदार अफसरों के खिलाफ कार्रवाई होगी। इसके बाद जाम खत्म हुआ।