लंका थाना क्षेत्र के नगवां स्थित मस्जिद के समीप शुक्रवार की रात पैदल घर लौट रही ज्योति पांडेय से सोने की चेन छीनकर बाइक सवार बदमाश फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया लेकिन तब तक लुटेरे आंख से ओझल हो चुके थे। घटना की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मी जांच कर वापस लौट गए। इंस्पेक्टर लंका महेश पांडेय ने बताया कि मामला जानकारी में आया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से भी जांच की जा रही है। महिला ने बताया कि चेन उनकी शादी में ससुराल की ओर से दी गई थी।

ज्योति पांडेय मूल रूप से बिहार की रहने वाली हैं। वह नगवां में किराए पर रहकर बच्चों को पढ़ाती हैं। इनके पति आलोक पांडेय गांव पर रहकर खेती करवाते हैं। महिला ने बताया कि लंका से सामान खरीद कर घर लौट रहीं थी। इस बीच मस्जिद के पहले गली के पास अंधेरा होने के कारण पीछे से बाइक से दो युवक आए, जिसमें एक बाइक पर बैठा था, जबकि दूसरा उतरा और पीछे से चेन खींच ली। इससे गले पर खरोंच भी आई। महिला के अनुसार छीनी गई चेन 30 ग्राम की थी। घटनास्थल से थाना भी थोड़ी ही दूर पर है। इसके बावजूद बदमाश घटना को अंजाम देकर निकल गए।