-सुबह धूप तो शाम को हुई बारिश

-दिनभर आसमान में छाए रहे बादल

मौसम का रुख दिन प्रतिदिन बदलता जा रहा है। मामूली गुलाबी ठंड का अहसास भी होने लगा है और उमस के साथ ही चटख धूप का भी असर कम सुबह और शाम को होता जा रहा है। जबकि महीने के अंत तक मानूसन भी विदायी की ओर आ जाएगा। इसी के साथ सुबह कुहासा लोगों को ठंड का अहसास कराने लगेगा। मौसम विज्ञानी मान रहे मौसम का रुख अब बदलाव की ओर होने जा रहा है और उमस में कमी के बीच बादलों की सक्रियता भी कम होती चली जाएगी। लोकल हीटिंग या वातावरण में नमी का स्तर बढ़ा तो मौसम का रुख बूंदाबांदी की ओर होगा। हालांकि दोपहर बाद बुधवार को बारिश भी हुई।

अब मानसून विदायी की ओर

सुबह आसमान में बादलों की आवाजाही का रुख बना रहा। रात से ही ठंडी हवाओं का झोंका लोगों को राहत देता रहा। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का रुख यही बना रह सकता है। मौसम विज्ञानी इस पूरे सप्ताह बादलों की मामूली सक्रियता का अंदेशा जता रहे हैं। मौसम विभाग की ओर से जारी संकेतों के अनुसार अब मानसून विदायी की ओर है। ऐसे में बंगाल की खाड़ी से पर्याप्त नमी मिली तो वातावरण में ठंड का असर भी घुल सकता है। हालांकि, अब मौसम का रुख और तल्ख नहीं होने वाला है।

सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा तापमान

बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 87 परसेंट और न्यूनतम 73 परसेंट दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सैटेलाइट तस्वीरों में बनारस में आसमान साफ है। जबकि लोकल हीटिंग और वातावरण में नमी की वजह से बादलों की मामूली सक्रियता का दौर बना हुआ है। माना जा रहा है कि इस पूरे सप्ताह मौसम का मिला जुला रूप सामने आएगा। वहीं आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलेगा और उमस में कमी के बीच बादलों की सक्रियता भी कम होती चली जाएगी। लोकल हीटिंग या वातावरण में नमी का स्तर बढ़ा तो मौसम का रुख बूंदाबांदी की ओर होगा।