- लगातार बढ़ते तापमान से लोगों का जीना हुआ मुहाल

-सात जून के बाद मौसम में बदलाव संभव, बूंदा-बांदी की संभावना

पिछले दिनों हुई बारिश के बाद लोगों ने थोड़ी राहत की सांस ली थी, लेकिन उसके बाद मौसम ने ऐसा करवट लिया है कि लोगों की बेचैनी बढ़ गई, जो खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। बनारस में गर्मी और उमस का प्रकोप बढ़ता ही जा रहा है। ऐसे में भले ही लॉकडाउन समाप्त हो गया है, लेकिन फिर भी लोग घर से बाहर निकलने से परहेज कर रहे हैं। उमस ऐसा है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान में ज्यादा अंतर नहीं रह गया है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो उमस बढ़ने की वजह हवा का नम होना है। हवा नम होती है तो उमस बढ़ती ही है। इसलिए लोगों को गर्मी का एहसास ज्यादा हो रहा है।

34 डिग्री से ज्यादा रहा तापमान

बुधवार को शहर को तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा रहा। जबकि मिनिमम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा। इन दोनों में सिर्फ सात डिग्री का ही अंतर देखने को मिला। ह्यूमिडिटी के ज्यादा रहने से लोग बेचैन रह रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो हवाओं के नम होने की वजह से उमस बढ़ रही है। अभी कुछ दिन और लोगों को उमस का प्रकोप झेलना पड़ सकता है।

10 दिन में आएगा मानसून

मौसम वैज्ञानिक प्रो। एसएन पांडेय के मुताबिक अभी उमस इसी तरह परेशान करेगी। हालांकि अगले 10 दिनों में प्री-मानसून के आने के संकेत मिल चुके हैं। फिलहाल मुंबई में प्री-मानसून ने दस्तक दे दी। वहां बारिश भी शुरू हो चुकी है। मुम्बई के रास्ते मानसून 14-15 जून तक बिहार, झारखंड फिर एमपी, छत्तीसगढ़ के रास्ते पूर्वी उत्तर प्रदेश में 20-22 जून तक प्रवेश करेगा। इसके बाद यहां लोगों को तपती गर्मी और उमस से राहत मिलेगी।