- पिता के इलाज के लिए पति की अंगूठी रख दी थी गिरवी, उसी पैसे को लेकर जा रही थी पीडि़त महिला

पुलिस कमिश्नरेट में पुरुष ही नहीं महिला उचक्कों का गिरोह सक्रिय हो गया है। शुक्रवार को दो महिलाओं ने पिता के उपचार के लिए पति की अंगूठी गिरवी रखकर मायके जा रही एक महिला का पर्स उड़ा दिया। पीडि़त महिला के अनुसार उसके पर्स में 10 हजार पांच सौ रुपए व दो जोड़ी पायल के अलावा आधार व पैन कार्ड था। इस बात की सूचना मिलते ही कैंट थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई और जांच में जुटी हुई है।

यह है पूरा मामला

भदोही के दुर्गागंज थाना क्षेत्र की गौरा गांव निवासी राजू मिश्रा की पत्नी पिंकी मिश्रा का मायका वाराणसी के धरसौना गांव में हैं। पिंकी के पिता लालजी तिवारी की तबीयत पिछले कुछ दिनों खराब चल रही। वह मोहांव के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हीं के उपचार के लिए पिंकी अपने पति की सोने की अंगूठी 7 हजार रुपए में गिरवी रखी थी। 3500 रुपए पिंकी के पास पहले से थे। भदोही से पिंकी पांडेयपुर आई। पांडेयपुर में वह अपने 2 बच्चों के साथ मोहांव जाने के लिए ऑटो में सवार हुई। इसी बीच 2 महिलाएं आकर ऑटो में बैठ गई। पिंकी के अनुसार कुछ दूर जाने के बाद दोनों महिलाएं ऑटो से उतर गईं।

पुलिस को पिंकी ने बताया कि दोनों महिलाएं उतरीं तो ऑटो रुक गया। इस पर उसके दोनों बच्चे जूस पीने के लिए जिद करने लगे। वह जूस पिलाने के लिए अपने बैग से छोटा पर्स निकालना चाही तो उसे नहीं मिला। पूरा बैग खोजने के बाद भी पर्स न मिलने पर पिंकी अपने दोनों बच्चों के साथ भाग कर पांडेयपुर पुलिस चौकी गई। सूचना मिलते ही तत्काल पांडेयपुर चौकी की पुलिस ने कैंट थाने को सूचना दी। घटना स्थल पर पहुंची कैंट थाने की पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया, लेकिन दोनों महिलाओं का सुराग नहीं लग सका है। इस संबंध में कैंट इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।