- भेलूपुर थाना क्षेत्र का मामला

सरकार के सख्त कानून के बाद भी तीन तलाक के केस सामने आ रहे हैं। बनारस के भेलूपुर थाना क्षेत्र में ऐसा ही एक मामला सामने आया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

बजरडीहा सरायसुर्जन लमही की एक महिला को पति ने निकाह के आठ साल बाद तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। मायका पक्ष महिला को अपने घर ले आए। उन्होंने 9 महीनों तक ससुराल पक्ष से बातचीत करके समझौते का प्रयास किया, लेकिन पति समेत ससुराल पक्ष जिद पर अड़ा रहा। जब सभी प्रयास असफल हो गए, तो पीडि़त महिला ने थाने की शरण ली। उसने भेलूपुर थाने में पति सहित ससुराल के 8 सदस्यों के खिलाफ तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कराया।

सात सालों तक रहे साथ-साथ

सरीफुनिशा ने बताया कि उसका निकाह साल 2013 में मोहम्मद अशरफ के साथ हुआ। निकाह के बाद पति के साथ सब कुछ ठीक चल रहा था, लेकिन सास-ससुर, दो जेठ- जेठानियां, देवर उसे पसंद नहीं करते थे। वह सभी किसी न किसी बहाने आए दिन उससे विवाद करते रहते थे। ससुरालवालों के लगातार दबाव बनाने पर 18 सितंबर 2020 को उसके पति ने उसे तीन बार तलाक कहा और फिर जबरन घर से बाहर निकाल दिया।

पंचायत पर भी नहीं बनी बात

इस मामले की जानकारी पीडि़ता ने अपने मायके वालों को दी। सूचना पाकर उसके मायके वाले आए और उसे साथ ले गए। सरीफुनिशा ने बताया कि उसके मायके वालों ने उसका भविष्य देखते हुए पति अशरफ और ससुराल वालों से कई बार पंचायत की। तीन तलाक वैध भी नहीं है। लेकिन बात नहीं बनी तो उसे मजबूरन भेलूपुर थाने में तहरीर दी।

::: कोट :::

पीडि़ता महिला की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश जारी है।

- अमित कुमार मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक, भेलूपुर