-फूलपुर में अज्ञात चार पहिया वाहन ने मारा धक्का, दो बाइकों में हुई टक्कर

फूलपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह अलग-अलग सड़क हादसों में दो फैक्टरी वर्करों की मौत हो गई। हादसे की खबर लगते ही दोनों के परिवारीजनों में कोहराम मच गया.फूलपुर के दबेथुआ (पहपटवा) निवासी 42 वर्षीय सुरेश यादव उर्फ लोहा यादव प्रतिदिन की भांति त्रिलोचन महादेव (जौनपुर) स्थित एक प्लाई फैक्ट्री में काम करने के लिए साइकिल से जा रहे थे। इस बीच करखियांव एग्रो पार्क के सामने पीछे से आ रहा चार पहिया वाहन धक्का मारते हुए भाग निकला। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस वर्कर को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। तीन भाइयों में बीच के सुरेश की पत्नी नगीना देवी व दो लड़के व एक लड़की भी सूचना पर थाने पहुंच गई। इससे पूरे थाने का माहौल गमगीन हो गया। पत्नी का रो-रो कर बुरा हाल है।

भिड़ गए बाइक सवार

उधर ¨पडरा रमईपुर निवासी आनंद सिंह (30 वर्ष) एग्रो पार्क स्थित एक फैक्टरी में ड्यूटी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। इसी बीच फूलपुर निवासी सोनू पटेल पड़ोसी की बाइक लेकर घर जा रहा था। मीरा शाह के सामने दोनों बाइक सवार भिड़ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों दूर जा गिरे। इससे उन्हें सिर व हाथ पैर में चोटें आई। पुलिस की मदद से दोनों को पीएचसी ¨पडरा ले जाया गया, जहां आनंद को रेफर कर दिया गया। आनंद को बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आनंद के पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह इकलौते पुत्र थे। आनंद को दो पुत्र हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हेलमेट होता तो शायद जान बच जाती।