-भाजपा के स्टेट प्रेसीडेंट ने की यादव सिंह प्रकरण की CBI जांच की मांग

- करप्शन के खिलाफ कैंपेन चलाएगी बीजेपी

VARANASI : यादव सिंह प्रकरण प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार की कहानियों में एक है। आरोपी यादव सिंह की 'लाल डायरी' की जांच सीबीआई से करानी चाहिए। इस लाल डायरी में ही पूरे खेल का राज छिपा है। इसका खुलासा होते ही प्रदेश सरकार का भ्रष्टाचारी चेहरा सामने आ जाएगा। यह कहना था भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी का। रविवार को गुलाबबाग कार्यालय पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि यादव सिंह की लाल डायरी में प्रदेश के कई मंत्री व नौ आईएएस अधिकारियों के नाम दर्ज हैं जो उजागर हो जाएंगे। उन्होंने आईएएस अफसरों का नाम मालूम होने का दावा भी किया।

भ्रष्टाचार पर घेरेंगे सरकार को

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा ने प्रदेश सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। प्रदेश संगठन भ्रष्टाचारियों के खिलाफ एक अभियान चलाने जा रही है। यह जानकारी प्रदेश अध्यक्ष ने दी। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत पांच जनवरी से होने जा रही है। भाजपा कार्यकर्ता नोएडा के विकास प्राधिकरण दफ्तर में जाकर वहां के बड़े अधिकारी यादव सिंह जो भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे हैं, उनकी फाइलों का अवलोकन करेंगे। इस दौरान जरूरत पड़ी तो सूचना के अधिकार के तहत यादव सिंह समेत इस घोटाले में शामिल अन्य अधिकारियों व मंत्रियों की संलिप्तता की जानकारी लेंगे। अभियान प्रदेश सरकार को उखाड़ने तक चलेगा। प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि डीजल व पेट्रोल पर वैट और अतिरिक्त कर लगाकर मूल्य बढ़ाने की तैयारी सपा सरकार कर रही है। केंद्र सरकार ने डीजल व पेट्रोल सस्ता कर दिया लेकिन प्रदेश सरकार ने रोडवेज बस का भाड़ा कम नहीं किया।