प्रदेश सरकार के आदेश के बाद नगर निगम अंतिम संस्कार के इंतजाम में लगातार जुटा हुआ है। नगर निगम प्रशासन ने अंत्येष्टि के लिए 14 शव वाहन लगाए हैं। ये वाहन हरिश्चंद्र के साथ अन्य घाटों तक कोरोना से मृतकों को पहुंचा रहे हैं। ये सुविधा निशुल्क दी जा रही है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा। एनपी सिंह ने बताया कि ये शव वाहन चौबीसों घंटे सेवा में हैं, ताकि कोविड से मृत लोगों के परिजनों को कोई असुविधा न हो। अब तक 141 शवों का अंतिम संस्कार खुद नगर निगम ने अपने संसाधनों से किया है। उन्होंने बताया कि अगर किसी की भी कोविड से मौत होती है, तो उसके अंतिम संस्कार की पूरी जिम्मेदारी नगर निगम की है। वहीं कोई परिजन स्वयं अंत्येष्टि करना चाहता है तो उसके लिए भी नगर निगम पीपीई कीट की व्यवस्था कर रहा है। इसके लिए सिर्फ नगर निगम के काशी कमांड कंट्रोल सेंटर में रजिस्ट्रेशन करना होगा।