-काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव में संदीप उपाध्यक्ष व आशीष बनें पुस्तकालय मंत्री

-पांच घंटे में पड़े 47.38 परसेंट वोट, पिछले साल से पांच परसेंट बढ़ गया मतदान

-सछास व एनएसयूआइ को दो-दो पद, एबीवीपी को नहीं मिला कोई पद

प्वाइंटर :::

1859

वोट पाकर विजयी रहे सछास के प्रत्याशी विमलेश यादव

635

वोट के अंतर से पराजित किया एनएसयूआइ के आलोक रंजन को

कोविड प्रोटोकाल के बीच गुरुवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में छात्रसंघ चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। जिसमें अध्यक्ष पद पर समाजवादी छात्रसभा (सछास) के प्रत्याशी विमलेश यादव 1859 वोट पाकर विजयी रहे। कड़ी सुरक्षा के बीच हुए चुनाव में विमलेश ने एनएसयूआइ के आलोक रंजन को 635 वोट के अंतर से पराजित किया। वहीं उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआइ के संदीप पाल व महामंत्री पद पर प्रफुल्ल पांडेय निर्वाचित घोषित हुए। जबकि पुस्तकालय मंत्री पद पर सछास के आशीष गोस्वामी ने जीत हासिल की।

लास्ट ईयर से अधिक पड़े पांच परसेंट वोट

यूनिवर्सिटी के मानविकी संकाय में बने बूथ पर मतदान की प्रक्रिया सुबह नौ बजे से स्टार्ट हुई। शुरुआत में मतदान की स्पीड कुछ धीमी रही। सुबह दस बजे के बाद वोटिंग ने स्पीड पकड़ा। दोपहर एक बजे तक 47.38 परसेंट छात्रों ने वोटिंग किया। इस प्रकार मतदान में कुल 9062 वोटर्स में से 4294 छात्र-छात्राओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं छात्रसंघ के विभिन्न पदों पर 587 वोट अवैध पड़े। जबकि लास्ट ईयर की तुलना में इस साल पांच परसेंट अधिक वोट पड़े।

मतदान के दौरान इंग्लिशियालाइन से लेकर चंदुआ सट्टी तक छात्र-छात्राओं की भीड़ नजर आ रही थी। विद्यापीठ प्रशासन ने पहले ही चारों तरफ बैरीकेडिंग कर दी थी। बैरिकेडिंग के बाहर से हर वोटर्स को लुभाने के लिए अंतिम समय तक कैंडीडेट्स प्रयास करते रहे। गेट के बाहर विभिन्न प्रत्याशियों के समर्थक भी नारेबाजी करते रहे। मुख्यद्वार के अंदर बने बैरिकेड पर खड़े होकर प्रत्याशी वोट मांगते रहे। काउंटिंग दोपहर 3.30 बजे से शुरू हुई। लगभग डेढ़ घंटे में ही वेबसाइट पर रिजल्ट शा करने लगा। शाम करीब छह बजे रिजल्ट डिक्लेयर किया गया।

आशीष को मिले सबसे अधिक वोट

मुख्य चुनाव अधिकारी प्रो। केएस जायसवाल के मुताबिक उपाध्यक्ष संदीप पाल ने 2467 वोट पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संजय कुमार यादव को 1269 मतों के अंतर से पराजित किया। जबकि महामंत्री पद पर निर्वाचित प्रफुल्ल पांडेय 2360 वोट पाकर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभय शक्ति को 801 मतों के अंतर से पराजित किया। पुस्तकालय मंत्री पद पर आशीष गोस्वामी ने अंकित वर्मा को 1494 मतों के अंतर से हराया। आशीष को 2767 व अंकित को 1273 वोट मिले।

शपथ ग्रहण के बाद भेजा घर

छात्रसंघ चुनाव का रिजल्ट डिक्लेयर होने के तत्काल बाद वीसी प्रो। टीएन सिंह ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने उन्हें घर तक कड़ी सुरक्षा में पहुंचाया। इस बीच अध्यक्ष पद पर जीते विमलेश यादव ने खुद के साधन से घर जाने की इच्छा जतायी तो पुलिस ने रोक दिया।

पुस्तकालय मंत्री पद पर 213 ने दिया नोटा पर वोट

लोकसभा व विधानसभा की तरह काशी विद्यापीठ छात्रसंघ चुनाव में भी वोटर्स ने नोटा का जमकर प्रयोग किया। अध्यक्ष पर 54, उपाध्यक्ष पर 152, महामंत्री 60, पुस्तकालय मंत्री पर 213 वोटर्स ने नोटा का प्रयोग किया। इसके अलावा संकाय प्रतिनिधियों के लिए 119 छात्र-छात्राओं ने नोटा का प्रयोग किया। इस प्रकार छात्रसंघ के विभिन्न पदों पर कुछ 598 स्टूडेंट्स ने नोटा पर वोट दिया।

एबीवीपी का नहीं खुला खाता

इस बार छात्रसंघ में एबीवीपी का खाता नहीं खुल सका है। जबकि पिछली बार छात्रसंघ के उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी के प्रत्याशी निर्वाचित हुए थे। वहीं इस बार छात्रसंघ के अध्यक्ष व पुस्तकालय मंत्री पर सछास व उपाध्यक्ष व महामंत्री पद पर एनएसयूआइ के अधिकृत प्रत्याशी को सफलता मिली है।

कैंडीडेट्स को मिले वोट

अध्यक्ष : विमलेश यादव (1859) निर्वाचित, अलोक रंजन (1224) शशिशेखर सिंह (1139)

अवैध : 18, नोटा : 54

उपाध्यक्ष : संदीप पाल (2467) निर्वाचित, , संजय कुमार यादव (1198) व शशिधर जायसवाल (452)

अवैध : 25, नोटा :152

महामंत्री : प्रफुल्ल पांडेय (2360) निर्वाचित, अभय शक्ति सिंह (1559) व अमन भारद्वाज (291)

अवैध : 24, नोटा : 60

पुस्तकालय मंत्री : आशीष गोस्वामी (2767) निर्वाचित, अंकित वर्मा (1273)

अवैध : 108, नोटा 479

---------

संकाय प्रतिनिधि

मानविकी संकाय : गौतम शर्मा (1034)

अवैध : 279, नोटा : 98

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी: विशाल कन्नोजिया (226)

अवैध : 112, नोटा : 13

विधि : सत्येंद्र कुमार (125) निर्वाचित, अवैध : 33 नोटा 05

शिक्षा : दीपक पटेल (152) निर्वाचित

अवैध : 36 नोटा : 02

समाजकार्य : ईश्वर चंद्र पटेल (107) निर्वाचित, अवैध : 19 नोटा 01

निर्विरोध निर्वाचित संकाय प्रतिनिधि

वाणिज्य व प्रबंध संकाय : रितेश सोनकर

समाज विज्ञान : मिलन मोदनवाल