-गलने के आगे बेबस हुआ सूरज, पूरे दिन बादल के आगोश में रही रोशनी

- बीते 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया

मौसम का बदला मिजाज इधर कई दिनों से लोगों को बेहाल किए हुये है। ठंड ऐसी कि सूरज की रोशनी भी बेअसर साबित हो रही है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम का रुख पूरी तरह से करवट ले चुका है। इस तरह का रुख सप्ताह भर तक कायम रहेगा। इस दौरान बादल, कोहरा, ठंडी हवा और गलन का मिला जुला रूप सामने आएगा। जबकि ठंडी हवाएं सुबह और शाम के तापमान को प्रभावित करेंगी। इससे रात में ठंड ज्यादा लगेगी।

पूरे दिन जारी रही ठिठुरन

पिछले कई दिनों की तरह रविवार की सुबह भी आसमान में कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से ठंड व गलन ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया। सुबह ठंडी हवाओं का जोर रहा और दिन चढ़ते ही सूरज की रोशनी भी निढाल हो गई और राहत की तलाश में लोगों को निराशा ही हाथ आई। वातावरण में घुली ठंड रात से लेकर सुबह तक लोगों को कंपाती रही। ग्रामीण एरिया की अपेक्षा शहर में धुंध का असर सुबह ही रहा। दिन चढ़ने तक सूरज की रोशनी गुम रही और वातावरण में घुली ठंडी हवाएं लोगों को कांपने पर मजबूर करती रहीं। दोपहर में भी आसमान में बदली की स्थिति बनी रही और शाम होने तक आसमान साफ नहीं हो सका। इस बीच थोड़ी देर के लिए सूरज की किरणें धरती पर दिखायी दीं। इसकी वजह से दिन भर गलन और ठंडी हवाएं काबिज रहीं और लोग ठंड से ठिठुरते रहे।

तापमान में आयी कमी

बीते 24 घंटों में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से छह डिग्री कम रहा, न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 93 और न्यूनतम 80 परसेंट दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से जारी सेटेलाइट तस्वीरों के अनुसार बनारस में मौसम का रुख सामान्य है और आसमान भी साफ बना रहेगा। हालांकि कोहरे की वजह से बदली का अनुभव दिन भर बना रहेगा।