उत्तरकाशी (पीटीआई)। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के माउंट द्रौपदी का डांडा 2 पर्वत चोटी पर मंगलवार को हिमस्खलन में दस पर्वतारोहियों की मौत हो गई। एनआईएम के प्रिंसिपल कर्नल अमित बिष्ट ने कहा कि नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग (एनआईएम) के 34 प्रशिक्षु पर्वतारोहियों और सात प्रशिक्षकों की एक टीम हिमस्खलन में फंस गई। उन्होंने कहा कि दस शव देखे गए, जिनमें से चार को बरामद कर लिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हिमस्खलन सुबह 8.45 बजे हुआ।

बचाव अभियान में जुटी टीम
उत्तरकाशी आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने कहा कि फंसे आठ लोगों को उनकी टीम के सदस्यों ने बचाया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक ट्वीट में कहा कि राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और एनआईएम के पर्वतारोहियों की एक टीम ने बचाव अभियान शुरू किया है।

सीएम ने रक्षामंत्री से की बात
सीएम धामी ने कहा कि उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से बात की है और बचाव अभियान में तेजी लाने के लिए सेना से मदद की गुहार लगाई है। धामी ने कहा, "उन्होंने हमें केंद्र की ओर से हर संभव मदद देने का आश्वासन दिया है। सभी को बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है।"

National News inextlive from India News Desk